हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की एक छात्रा ने रोजमर्रा की छोटी-सी परेशानी का बड़ा हल खोज निकाला है। चश्मा पहनने वाले लोग अक्सर उसके लैंस बार-बार साफ करने की झंझट से परेशान रहते हैं। मगर अब यह काम खुद ही हो जाएगा।

12वीं की छात्रा का कमाल

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा की जमा दो की छात्रा वर्षा ने एक ऐसा अनोखा मॉडल तैयार किया है- जो चश्मे को बॉक्स में रखते ही उसे साफ कर देता है।

यह भी पढ़ें : मां चिंतपूर्णी के चढ़ावे की गाड़ियों में मौज कर रह रहे थे DC-SH0, कोर्ट से फटकार के बाद लौटाई

वर्षा ने बनाया शानदार मॉडल

वर्षा का बनाया यह मॉडल देखने में साधारण लेकिन काम में बेहद उपयोगी है। उसने लकड़ी का एक डिब्बा तैयार किया, जो चश्मे के आकार के अनुसार बनाया गया है। इस बॉक्स के अंदर उस स्थान पर मुलायम स्पंज लगाया गया है, जहां चश्मे के लैंस टिकते हैं। स्पंज पर हल्का-सा पानी और लैंस क्लीनर डाला जाता है।

डिब्बा खुद साफ करेगा चश्मा

जैसे ही चश्मा बॉक्स में रखा जाता है और फिर बाहर निकाला जाता है, स्पंज के संपर्क में आकर उसके लैंस अपने आप साफ हो जाते हैं। इससे बार-बार चश्मा साफ करने की जरूरत खत्म हो जाती है और समय की भी बचत होती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल LENSKART शोरूम में हिंदू संगठन ने कर्मियों को लगाया तिलक, बांधा कलावा- FIR दर्ज

लकड़ी के डब्बे में चश्मा

इस मॉडल की एक खास बात इसका पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार होना भी है। आमतौर पर चश्मे के लिए प्लास्टिक के बॉक्स इस्तेमाल होते हैं। मगर वर्षा ने इसके लिए लकड़ी का उपयोग किया है- जो न सिर्फ टिकाऊ है बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है। साथ ही लकड़ी का डिब्बा चश्मे को अधिक सुरक्षित रखने में भी मददगार साबित होता है।

 

स्टेट लेवल पर सिलेक्ट

दरअसल, वर्षा ने इस मॉडल को शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान तब तैयार किया था, जब वह दसवीं कक्षा में पढ़ रही थीं। उसके इस नवाचार को अब बड़ा मंच मिला है। 21 अप्रैल को हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले भर के 88 स्कूलों से आए छात्रों ने हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिछले आठ दिनों से नहीं मिल रही 7 वर्षीय बच्ची, सर्च ऑपरेशन लगातार जारी

वर्षा ने हासिल किया बड़ा मुकाम

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच वर्षा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपना स्थान शीर्ष चयनित छात्रों में बनाया। वर्षा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुनी गई सात प्रतिभाओं में जगह हासिल की।

स्कूल ने किया सम्मानित

इस उपलब्धि के पीछे वर्षा की मेहनत के साथ-साथ उनके शिक्षकों का मार्गदर्शन भी रहा। विज्ञान अध्यापिका मोनिका ने पूरे प्रोजेक्ट के दौरान छात्रा का मार्गदर्शन किया। वहीं विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्य राज कुमार सिंह ने वर्षा को सम्मानित कर उसके हौसले को और बढ़ाया। धनेटा की यह बेटी अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें