शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने एक ऐसा काम कर दिखाया है, जिसने पूरे देश में प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। पहाड़ों की मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों, बर्फबारी, खराब सड़कों और दूर-दराज के इलाकों के बावजूद हिमाचल पुलिस ने आपातकालीन सेवा 112 के रिस्पॉन्स टाइम में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल पुलिस की जमकर तारीफ की है।
देश में सबसे तेज पहुंची हिमाचल पुलिस
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 ने औसतन सबसे कम समय में मदद पहुंचाकर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इसका मतलब यह है कि हिमाचल में जब भी किसी ने 112 पर कॉल की, पुलिस की टीम देश के किसी भी दूसरे राज्य से ज्यादा तेजी से मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें : कुर्सी पर सिर नीचे कर बैठा था शख्स, थम चुकी थी सांसें- पुलिस ने दोस्तों को थाने किया तलब
CM सुक्खू बोले - यह गर्व का पल है
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेशभर में तैनात 112 टीमों और थानों में तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कठिन पहाड़ी इलाकों और सीमित संसाधनों के बावजूद हिमाचल पुलिस ने यह साबित किया है कि वह जनता की मदद के लिए हर समय तैयार है।
यह भी पढ़ें : बर्फ में फंसे पर्यटकों से लूट- 16 KM सफर के टैक्सी चालक ने वसूले 10 हजार, कई परिवार परेशान
“स्पीड, संवेदनशीलता और सेवा हमारा मंत्र रहेगा”
CM सुक्खू ने कहा कि सरकार लोगों को तेज और भरोसेमंद सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी हिमाचल पुलिस “स्पीड, सेंसिटिविटी और सर्विस” को अपना मंत्र बनाए रखेगी। CM ने कहा कि यह रैंकिंग सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि इस भरोसे का प्रतीक है कि संकट की घड़ी में हिमाचल पुलिस सबसे पहले नागरिकों तक पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तबाही बनकर टूटा ग्लेशियर : बर्फ में दबी 3 दुकानें और 2 गाड़ियां, लोगों में दहशत का माहौल
DGP अशोक तिवारी ने टीम को दिया श्रेय
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि दिखाती है कि सही रणनीति, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और फील्ड स्तर पर मजबूत निगरानी से बड़ी से बड़ी चुनौती को भी पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह सफलता मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और पुलिस बल की मेहनत का नतीजा है।
