मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में डाक बांटने वाली निधि अब क्रिकेट के मैदान में भी देश का नाम रोशन करेंगी। निधि का भारतीय महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। मंडी मुख्य डाकघर में पोस्टमैन के पद पर तैनात निधि 26 से 29 अक्तूबर तक चेन्नई में होने वाली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारत की ओर से खेलेंगी। 

पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम कर चुकी हैं रोशन 

निधि के लिए खेल का मैदान नया नहीं है। इससे पहले भी वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। साल 2017 में ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने हैमर थ्रो स्पर्धा में पदक जीता था। अब एक बार फिर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए खेलने का मौका मिला है, लेकिन इस बार वह क्रिकेट के मैदान में अपना हुनर दिखाएंगी।

यह भी पढ़ें- आज काजा जा रहे CM सुक्खू : ग्रामीणों संग बिताएंगे वक्त, रात्रि ठहराव का भी प्रोग्राम

नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ खेल में लगातार मेहनत करना निधि के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। वह पिछले कुछ समय से मंडी मुख्य डाकघर में सेवाएं दे रही हैं और अपनी मेहनत के दम पर खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही हैं। निधि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है।

राष्ट्रीय स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के दम पर मिली भारतीय टीम में जगह

निधि ने बताया कि वह लंबे समय से भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए मेहनत कर रही थीं। इसके लिए उन्होंने लगातार अभ्यास किया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन भारतीय महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम के लिए किया गया है। भारतीय टीम में जगह मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें- कुल्लू दशहरा उत्सव : 200 KM पैदल सफर तय कर आएंगे कई देवी-देवता, 347 को भेजे निमंत्रण

अब उनका लक्ष्य एशियन चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना और भारतीय टीम को जीत दिलाने में योगदान देना है। चेन्नई में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा मलेशिया, थाईलैंड, बांग्लादेश, सिंगापुर, मालदीव, भूटान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और नेपाल की टीमें भी हिस्सा लेंगी। ऐसे में खिलाड़ियों को अलग-अलग देशों की टीमों के साथ मुकाबला करने का मौका मिलेगा।

नागपुर में भारतीय टीम के कोचिंग कैंप में ले रही हैं प्रशिक्षण

एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप से पहले निधि नागपुर में भारतीय टीम के कोचिंग कैंप में हिस्सा ले रही हैं। वह 20 अक्तूबर तक इस कैंप में रहेंगी। यहां टीम के खिलाड़ी प्रतियोगिता की तैयारी करेंगे और अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान देंगे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंचे CM सुक्खू को फिर दिल्ली से बुलावा! राहुल गांधी के साथ होगी चर्चा; जानें क्या बनी रणनीति

इसके बाद निधि चेन्नई पहुंचेंगी, जहां 26 से 29 अक्तूबर तक एशियन चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम की ओर से खेलना उनके लिए खुद को साबित करने का एक बड़ा अवसर होगा। निधि को उम्मीद है कि टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी और देश के लिए अच्छा परिणाम लेकर आएगी।

निधि के चयन पर डाकघर को गर्व : नेहा सांख्यान

मंडी मुख्य डाकघर की डाकपाल नेहा सांख्यान ने निधि के भारतीय महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में चयन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि निधि का भारतीय टीम में चुना जाना गर्व की बात है। निधि नौकरी के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं। उनकी यह उपलब्धि दूसरे कर्मचारियों और युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कांग्रेस MLA के गृह क्षेत्र में हो गया खेला! वरिष्ठ नेता सहित कई कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

 

नेहा सांख्यान ने बताया कि निधि फिलहाल नागपुर में भारतीय टीम के कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। कैंप पूरा होने के बाद वह चेन्नई में होने वाली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अब सभी की नजरें इस प्रतियोगिता पर हैं, जहां निधि अपने खेल के दम पर देश का नाम रोशन करने की कोशिश करेंगी।