हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं लगातार अपनी मेहनत और काबिलियत से देशभर में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र के करेर गांव की रहने वाली बेटी आंचल शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आंचल ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की ओर से आयोजित M.Sc न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नोलॉजी प्रवेश परीक्षा-2026 में पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है।

बेटी की उपलब्धि से बढ़ा क्षेत्र का मान

आंचल शर्मा की इस सफलता की खबर मिलते ही पूरे करेर गांव और बड़सर क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। आंचल को देशभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं और हर कोई उनकी मेहनत और सफलता की सराहना कर रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक महीने से गायब शख्स की जंगल में सड़ी-गली देह हुई बरामद, परिजन बोले...

आंचल ने यह मुकाम अपनी लगातार मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति पूरी लगन से हासिल किया है। उन्होंने साबित कर दिया है कि अगर मेहनत करने का जज्बा हो तो गांव से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है।

पूरे क्षेत्र ने मनाई आंचल की जीत की खुशी

आंचल शर्मा की इस शानदार उपलब्धि पर करेर गांव सहित पूरे बड़सर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं ने आंचल और उनके परिवार को बधाई दी है। लोगों का कहना है कि आंचल ने अपनी मेहनत, लगन और हौसले से न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले और हिमाचल प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी के युवाओं के लिए प्रेरणा है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने तोड़ी नशा तस्कर की कमर : काले धन से बनाई लाखों की संपत्ति को किया फ्रीज

परिवार का साथ और कठिन परिश्रम से हासिल की सफलता 

आंचल की सफलता के पीछे उनके परिवार का सहयोग और उनका खुद का कठिन परिश्रम रहा है। सीमित सुविधाओं के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत की और देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक में पहला स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री  ने दी बधाई 

आंचल शर्मा की इस कामयाबी पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फेसबुक पर पोस्ट कर बधाई दी है। CM ने कहा कि हमीरपुर जिले की बेटी ने AIIMS द्वारा आयोजित M,SC  न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नोलॉजी प्रवेश परीक्षा-2026 में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के 154 सरकारी स्कूलों की भद पिटी! रिपोर्ट ने चौंकाया- छात्राएं नहीं सुरक्षित

युवाओं के लिए प्रेरणा बनी आंचल

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। आंचल शर्मा की यह सफलता प्रदेश के दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देगी। उन्होंने कहा कि सरकार होनहार विद्यार्थियों को बेहतर मौके और सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि युवा पढ़ाई और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।