मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रहने वाले अभिषेक अवस्थी ने विदेश में अपनी कामयाबी से प्रदेश को गौरवान्वित किया है। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के ग्रेटर बेंडिगो शहर में 43 वर्षीय अभिषेक को मेयर चुना गया है।
अभिषेक ने बढ़ाया हिमाचल का मान
आपको बता दें कि इससे पहले अभिषेक इसी शहर में डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब मेयर पद की शपथ लेने के साथ ही अभिषेक ग्रेटर बेंडिगो के पहले भारतीय मूल के व्यक्ति बन गए हैं- जिन्हें इस पद पर पहुंचने का अवसर मिला है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में लगातार दो दिन बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में अलर्ट, जानें मौसम अपडेट
ऑस्ट्रेलिया में मेयर बने अभिषेक
अभिषेक अवस्थी ने बीते कल यानी 9 नवंबर, 2026 को द कैपिटल थिएटर में आयोजित समारोह में महापौर पद की शपथ ली। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से अपना नया दायित्व संभाल लिया। उनका कार्यकाल एक वर्ष का होगा। साल 2026-27 के लिए हुए इस चयन में अभिषेक को सर्वसम्मति से मेयर चुना गया। वहीं, एंड्रिया मेटकॉफ को डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिमाचल से ऑस्ट्रेलिया कब आए थे अभिषेक?
मंडी शहर के लोअर समखेतर के रहने वाले 43 वर्षीय अभिषेक अवस्थी का ऑस्ट्रेलिया तक पहुंचने का सफर वर्ष 2008 में शुरू हुआ था। वह उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया गए थे। वहां उन्हें ला ट्रॉब यूनिवर्सिटी में दाखिला मिला। उन्होंने पहले बायोटेक्नोलॉजी और उसके बाद बायोइनफॉर्मेटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की पहचान को निजी हाथों में देने की तैयारी! पीटरहॉफ होटल के मुद्दे पर सुक्खू सरकार घिरी
कभी करते थे पार्ट टाइम जॉब
पढ़ाई के दौरान उन्होंने पार्ट टाइम नौकरी भी की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ही अपने करियर को आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने विक्टोरिया राज्य सरकार में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका बढ़ती गई और उन्होंने स्थानीय प्रशासन में अपनी जगह बनाई।
पहली बार कब जीता था चुनाव?
अभिषेक की राजनीतिक यात्रा ग्रेटर बेंडिगो शहर के केनिंगटन वार्ड से शुरू हुई। नवंबर 2024 में उन्होंने शहर के 9 वार्डों में से इस वार्ड का पार्षद चुनाव जीता था। इसके बाद उन्हें 2024-25 के कार्यकाल के लिए डिप्टी मेयर चुना गया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने तत्कालीन मेयर एंड्रिया मेटकॉफ के साथ काम किया।
अब दो साल के अंदर पार्षद से मेयर तक का सफर तय करते हुए उन्होंने शहर के सर्वोच्च स्थानीय प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी संभाली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सभी सरकारी कर्मियों की छुट्टियां रद्द, अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
कब मिली थी ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता?
अभिषेक अवस्थी को वर्ष 2015 में ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली थी। वह अपनी पत्नी अनीमा और बेटी अग्नि के साथ वहां रहते हैं। उनके पिता सुरेंद्र पाल BBMB से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता चंपा शर्मा गृहिणी हैं। अभिषेक की सफलता से उनका पूरा परिवार बेहद खुश है।
अभिषेक का परिवार गदगद
मेयर पद की शपथ के अवसर पर उनके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। नई जिम्मेदारी मिलने पर अभिषेक ने अपने सहयोगी काउंसलरों के प्रति आभार जताया। उन्होंने अपने माता-पिता और रिश्तेदारों को भी इस मुकाम तक पहुंचने में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने ग्रेटर बेंडिगो के नागरिकों की उम्मीदों के अनुरूप काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
