बिलासपुर। हिमाचल की बेटियां लगातार अपनी मेहनत और काबिलियत से नई मिसाल कायम कर रही हैं। अब बिलासपुर के झंडूता क्षेत्र की आंचल वशिष्ठ ने भारतीय सेना में मेजर का पद हासिल कर परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। 

मेजर बनी बिलासपुर की बेटी

गांव भटेड़ कलां की रहने वाली आंचल को सेना में उनकी सेवाओं और कार्यप्रणाली के आधार पर कैप्टन से मेजर पद पर पदोन्नति मिली है। जिसके बाद पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।

यह भी पढ़ें- भोलेनाथ के दर्शन को निकले थे 5 श्रद्धालु, चूड़धार के जंगलों में लापता- रात भर नहीं मिला सुराग

मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में सेवाएं दे रही आंचल

आंचल भारतीय सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में सेवाएं दे रही हैं। फिलहाल उनकी तैनाती नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रैफरल में है। यहां वह सेना के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं।

परिवार में भी शिक्षा और अनुशासन का माहौल

आंचल की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है। उनके पिता सुखदेव वशिष्ठ शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी माता बबिता राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता हैं। आंचल का छोटा भाई नैतिक अभी 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। परिवार में शिक्षा और अनुशासन के माहौल ने आंचल के सफर को मजबूत आधार दिया।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर से नंगे पांव मणिमहेश यात्रा पर निकले भक्त : कई KM पैदल चल करेंगे दर्शन

गांव में पहुंची खुशखबरी तो बधाइयों का दौर शुरू

आंचल के मेजर बनने की खबर जैसे ही भटेड़ कलां और भराड़ी क्षेत्र में पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।

आंचल ने अपनी मेहनत और समर्पण से सेना में यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि खास तौर पर क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सेना और देश सेवा में अपना करियर बनाने का सपना देखती हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें