सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। पुलिस थाना संगड़ाह क्षेत्र में पेश आए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। यहां एक कार के गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
चौकीदार की दर्दनाक मौत
हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति पालर पंचायत में चौकीदार था। हादसे में घायल हुए दोनों लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दोनों अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें : परीक्षा पर चर्चा : PM मोदी से मिली हिमाचल की बेटी अनुष्का, बताई मन की बात- मिली खूब सराहना
मृतक की पहचान अभिमन्यु (31) पुत्र सुंदर सिंह, निवासी पालर पंचायत के रूप में हुई है। अभिमन्यु पंचायत में चौकीदार के पद पर कार्यरत था और अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाना जाता था।
गांव लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा वीरवार शाम करीब 7:45 बजे हुआ। अभिमन्यु अपने साथियों अशोक (28) पुत्र मोहन लाल और संजय कुमार (35) पुत्र मदन सिंह के साथ डेबरघाट से अपने गांव पालर की ओर लौट रहा था। तीनों युवक वाहन संख्या HP-79-2810 में सवार थे।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! दो दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में छाएगा घना कोहरा, अलर्ट जारी
गहरी खाई में गिरी गाड़ी
जैसे ही उनका वाहन सतयायी नाला के पास पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। खाई अत्यंत गहरी होने के कारण वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे युवक बुरी तरह घायल हो गए।
रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। अंधेरा होने और दुर्गम स्थल के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए CHC संगड़ाह पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और वीर जवान : तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पहुंचा घर, 25 साल थी उम्र
एक की मौत, दो घायल
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अशोक की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर कर दिया गया है। तीसरे घायल संजय कुमार का उपचार संगड़ाह अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस थाना संगड़ाह में दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार, सड़क की हालत या चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने रोका विधायकों का पैसा : शिकायत लेकर गर्वनर के पास पहुंचे जयराम ठाकुर
गांव में शोक की लहर
युवा चौकीदार की असमय मौत से पालर पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। मगर घर पर बेटे की देह पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि अभिमन्यु अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने वाला युवक था। उसके निधन से पंचायत को भी अपूरणीय क्षति पहुंची है।
