शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिस जवानों की मौत हो गई। टालैंड से खलीनी रोड के पास एक कार की टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दोनों पुलिस जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो कांस्टेबल की दर्दनाक मौत
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता और कांस्टेबल हेमंत कुमार के रूप में हुई है। दोनों की तैनाती पुलिस लाइन कैथू में थी और हादसे के समय दोनों ऑल्टो कार में सवार होकर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में आज नहीं खुलेगा कोई भी सरकारी स्कूल और कॉलेज, मगर क्यों...जानें वजह
टालैंड-खलीनी रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बीती रात को HP-52A नंबर की कार और एक टैंकर के बीच टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दोनों पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के कारणों की जांच
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों जवानों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किस वजह से हुआ और टक्कर के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : शराब के नशे में घर पहुंचा पति, पत्नी पर चलाया चा**कू- बच्चों के सामने मां ने तोड़ा दम
पुलिस विभाग में शोक
एक साथ दो पुलिस जवानों की मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। दोनों जवान पुलिस लाइन कैथू में तैनात थे। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। टैंकर चालक से भी पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
