कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार देर शाम पेश आए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बंजार उपमंडल में सोझा के पास सैलानियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

ड्राइवर का बयान आया सामने

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अब क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी के ड्राइवर का बयान सामने आया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से अगले एक हफ्ते तक नहीं मिलेगी AMBULANCE...मरीजों को होगी परेशानी

मौके पर मची चीख-पुकार

लोगों का कहना है कि हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। खाई में गिरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और कई यात्री उसमें फंसे हुए थे। स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कड़ी मशक्कत कर निकाला बाहर

इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज किया। अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रात को खाई में गिरी पर्यटकों से भरी ट्रैवलर- 4 की मौके पर मौ*त, 17 गंभीर

4 लोगों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, घायलों को तुरंत बंजार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। देर रात करीब 2:30 बजे तक 17 घायलों को कुल्लू अस्पताल लाया गया, जिनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई गई।

3 घायल PGI रेफर

क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के डॉक्टर हीरालाल के अनुसार, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ भेजा गया है। अन्य 14 घायलों का इलाज कुल्लू अस्पताल में जारी है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एंट्री टैक्स पर फिर विवाद: पंजाब के लोगों ने किया चक्का जाम, भाजपा MLA भी धरने पर बैठे

कंट्रोल करने की कोशिश की...

हादसे के कारणों को लेकर चालक लियाकत ने बताया कि वह जालोरी पास से बंजार की ओर लौट रहा था। उतराई के दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। उसने गाड़ी को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन ढलान अधिक होने के कारण वाहन रफ्तार पकड़ता गया और कुछ ही क्षणों में खाई में जा गिरा।

महिलाएं और बच्चे भी थे गाड़ी में

वाहन में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक दिल्ली, राजस्थान और पंजाब से हिमाचल घूमने आए थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल छा गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां चिंतपूर्णी ने पूरी की अरदास- भक्त ने निभाया अपना वादा, चढ़ाया 11 तोले सोने का छत्र

कैसे पेश आया हादसा?

शुरुआती तौर पर ब्रेक फेल होना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। मगर वाहन की तकनीकी स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है, खासकर ढलान वाले रास्तों पर वाहन की तकनीकी जांच और सुरक्षित ड्राइविंग बेहद जरूरी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें