सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पेश आए भयानक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 52 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में बच्चे व महिलाएं भी शामिल हैं।
14 की मौत, 52 लोग घायल
यह दर्दनाक हादसा हरिपुरधार क्षेत्र में बीते कल दोपहर को पेशा आया। यहां एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयावह दुर्घटना में 14 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 52 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए IGMC शिमला रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य पर मेहरबान हुई मोदी सरकार : एक रिक्वेस्ट से मिली 2300 करोड़ की सौगात
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे हरिपुरधार बाजार से लगभग 100 मीटर पहले हुआ। बस हरिपुरधार की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
39 सीटर बस में 66 थे सवार
सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के स्किड होने की आशंका है। दुर्घटना के समय 39 सीटर इस बस में करीब 66 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें : त्योहार पर घर आ रहे थे लोग, खचा-खच भरी बस खाई में गिरी- अब तक 12 की मौ*त
शिमला से कुपवी जा रही थी बस
हादसे का शिकार हुई ‘जीत कोच’ नाम की यह निजी बस शिमला से सुबह करीब 7:30 बजे रवाना हुई थी। बस शिमला से सोलन और सिरमौर होते हुए कुपवी जा रही थी। कुपवी से लगभग 28 किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया। बस में शिमला के कुपवी क्षेत्र और सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र के लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। खाई में गिरी बस के भीतर फंसे लोगों को निकालने के लिए ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर प्रयास किए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान को तेज किया गया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा ऐलान : गरीब और बेघर परिवारों को पक्के मकान देगी सरकार- जानें पूरी खबर
बस के नीचे दबे थे यात्री
हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के नीचे पांच से अधिक यात्री दबे हुए थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस को पलटकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चार यात्रियों की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल और हरिपुरधार अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई, हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल था।
बस के उड़े परखच्चे
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस की छत पूरी तरह चेसिस से अलग हो गई, जबकि पीछे के दोनों टायर भी निकलकर दूर जा गिरे। खाई में बस का मलबा बिखरा पड़ा था, जिसने हादसे की भयावहता को बयां किया।
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर HC के फैसले से CM सुक्खू नाखुश : क्या सुप्रीम कोर्ट जाएगी सरकार?
कोहरे से स्किड होने की आशंका
संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने बताया कि जिस स्थान पर बस सड़क से बाहर गई, वहां घना कोहरा जमा हुआ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दृश्यता कम होने के कारण बस फिसल गई। हालांकि उन्होंने साफ किया कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच करवाई जाएगी।
त्योहार मनाने जा रहे थे घर
बताया जा रहा है कि शिमला के कुपवी क्षेत्र में मनाए जाने वाले ‘पोश’ त्योहार के चलते कई लोग अपने गांव लौट रहे थे। यह पर्व संक्रांति से पहले मनाया जाता है, इसी वजह से बस में यात्रियों की संख्या सामान्य से कहीं अधिक थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : देर रात निकले थे चार दोस्त, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार- मौके पर तोड़ा दम
प्रदेशभर में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
मृतकों की पहचान
- हिमांशी पुत्री अशीश, गांव चन्जाह, तहसील कुपवी, शिमला
- हिमा पत्नी जालम सिंह, गाव धौलत, तहसील कुपवी, शिमला
- बिलम सिंह पुत्र छाजू राम, गांव जुडू शिलाल, कुपवी, शिमला
- सूरत सिंह पुत्र सांगरू, गांव काण्डा बनाह, कुपवी, शिमला
- सुमन पुत्री रण सिंह, गांव दोधी, कुपवी, शिमला
- रमेश पुत्र देई सिंह, गांव बौरा, कुपवी, शिमला
- कियान पुत्र बिलम सिंह, गांव नौरा-बौरा, कुपवी, शिमला
- सनम पुत्री संत राम, गांव पाब, रोनहाट, सिरमौर
- बलबीर सिंह पुत्र मोहर सिंह (बस चालक) गंव डांगटा, नाहन/पच्छाद, सिरमौर
- प्रोमिला देवी, गांव चन्जाह, तहसील कुपवी, शिमला
- रियांशी, गांव बौरा, कुपवी, शिमला
- मोहन सिंह, चौरस नोहराधार
- प्रियंका, पंजाह, हरिपुरधार
- एक महिला की पहचनान नहीं हो पाई है।
