#हादसा
November 26, 2026
टक्कर के बाद सड़क पर बिखरे बाइक के टुकड़े पुलिस ने शुरू की जांच

गगरेट (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में कई परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल जाती हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला ऊना के गगरेट क्षेत्र से सामने आया है, जहां कैंटर और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा वीरवार दोपहर बाद गगरेट-होशियारपुर मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर के समीप हुआ। पांवड़ा निवासी गुरमीत सिंह पुत्र गुरबचन सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर होशियारपुर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रहे एक कैंटर से जा टकराई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरमीत सिंह को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके कई हिस्से सड़क पर बिखर गए।
यह भी पढ़ें : IGMC में भर्ती पत्नी की दवाई लेने निकला था पति, हो गई अनहोनी; बेड पर करती रह गई इंतजार
दोपहर के समय व्यस्त मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। दुर्घटना की भयावहता देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कांग्रेस से आए इन दिग्गजों को नहीं मिली BJP कोर कमेटी में जगह, कंगना भी हुई आउट
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कैंटर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस NH पर कार के ऊपर पलट गया रेत से भरा टिप्पर; तीन लोगों की मौ**त
सड़क पर हुई एक छोटी-सी चूक भी कई बार किसी परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन जाती है। गगरेट में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को सामने ला दिया है। तेज रफ्तार हो या वाहन पर नियंत्रण खोना, सड़क पर की गई लापरवाही किसी की जान ले सकती है और पीछे रह गए परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे सकती है।