लुधियाना/शिमला। हिमाचल प्रदेश की युवा पीढ़ी आज के दौर में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए देश-विदेश के कोने-कोने में पहुँच रही है। जिनके पीछे उनके परिजनों के कई सपने जुड़े होते हैं और मां-बाप अपने इन्हीं बच्चों को देखने के लिए महीनों इन्तजार करते हैं। लेकिन कई बार बच्चों के साथ कुछ हादसे पेश आने से परिजनों को उम्र भर के दुःख ही नसीब होते हैं। ऐसा ही एक दुखद मामला पड़ोसी राज्य पंजाब से सामने आया है जहां एक वाहन की टक्कर ने हिमाचल की एक बेटी की जान ले ली।   

दोस्तों के साथ घूमने निकली थी दिव्यांशी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के लुधियाना–फिरोजपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगराओं स्थित सिटी यूनिवर्सिटी के पास हुए दर्दनाक हादसे में शिमला की एक छात्रा की जान चली गई। मृतका की पहचान दिव्यांशी नेगी निवासी नगेल, शिमला के रूप में की गई है, जो सिटी यूनिवर्सिटी में साइकोलॉजी के प्रथम वर्ष की छात्रा थी। दिव्यांशी अपने दोस्तों के साथ लुधियाना घूमने के बाद वापस लौट रही थी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में बिजली मित्र भर्ती: 6 घंटे ड्यूटी पर मिलेगी इतनी सैलरी, जानें कौन-कौन कर सकता है आवेदन

यूनिवर्सिटी के पास पहुँने पर उसके साथियों ने उसे सड़क के दूसरी ओर उतरने में मदद की। जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, उसी समय लुधियाना की तरफ से तेज गति से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिव्यांशी रोड पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत छात्रा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती किया। कई दिनों तक चल रहे इलाज के बाद मंगलवार देर रात दिव्यांशी ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर से परिवार और यूनिवर्सिटी परिसर में गहरा शोक छा गया है। दिव्यांशी के दादा गीता राम नेगी, जो हिमाचल पुलिस में सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने घटना की लिखित शिकायत थाना सदर की चौकी चौकीमान को दी।

यह भी पढ़ें: HRTC पर चढ़ा घाटे का पहाड़- सुक्खू सरकार ने बंद किए 435 रूट, ग्रामीणों की चिंता बढ़ी

शिकायत के आधार पर जगराओं निवासी तरसेम सिंह के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिवार के हवाले कर दिया है।

आरोपी फरार, छापेमारी जारी

थाना सदर के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं थाना सदर इंचार्ज सुरजीत सिंह ने कहा कि आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें