सिरमौर। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा के पास पांवटा साहिब में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां पर क्रेटा गाड़ी आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात डंपर से टकराई कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा के पास पांवटा साहिब में बीते कल शनिवार रात पेश आया। पुलिस थाना पांवटा साहिब के तहत गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर एक क्रेटा गाड़ी आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। हादसा रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू बोले 4 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मियों- दूध उत्पादकों को मिलेगी सौगात
गाड़ी में सवार तीन लोगों की मौत
टक्कर इतनी तेज थी कि क्रेटा गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। हादसे में क्रेटा सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
अभी नहीं हो पाई मृतकों की पहचान
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे की सूचना उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू की गांव में बीती रात, जंगली मुर्गा नहीं...पहाड़ी व्यंजनों से सजी थाली; नाटी भी डाली
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्रेटा डंपर से किन परिस्थितियों में टकराई। पुलिस घटनास्थल से जानकारी जुटाने के साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
