शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदलते ही राजधानी शिमला के तहत आते रोहडू़ में भारी लैंडस्लाइड होने से बड़ा हादसा पेश आया है। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, अभी कई अन्य लोगों की मलबे के नीचे दबने की आशंका है। यह हादसा एनएच 707 पर पेश आया है।

मलबे के नीचे दबी गाड़ी से मिले दो शव

मौके पर पहुंची राहत बचाव कार्य की टीम ने मलबे के नीचे से एक बोलेरो गाड़ी को निकाला। इसी गाड़ी में से दो व्यक्तियों के शव भी मिले हैं।

बचाव कार्य में जुटी टीमें

मिली जानकारी के अनुसार, यह लैंडस्लाइड रविवार दोपहर करीब 2 बजे जिला शिमला के रोहडू़ में हाटकोटी त्यूणी मार्ग पर स्नेल के पास हुआ है। इस लैंडस्लाइड में कई वाहन दबने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही बचाव कार्य के लिए पुलिस, SDRF और होम गार्ड की टीम मौके पर पहुंच गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टीमों द्वारा घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: 500 फीट गहरी खाई में गिरी मारुती कार, चार थे सवार- दो ही बचे

मलबे में दबे हैं कई वाहन और लोग

डीएसपी रोहड़ू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल पर पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। अभी मलबे के नीचे कई अन्य वाहनों और लोगों के दबने की भी आशंका है। बता दें कि पिछले साल भी हिमाचल प्रदेश में सदी की सबसे बड़ी आपदा से हाहाकार मच गया था। बारिश और भूस्खलन के कारण लोगों को भारी नुकसान हुआ था और कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। शिमला में भी शिव मंदिर के पास हुए भूस्खलन में भी कई कीमती जानों को हमें खोना पड़ा था।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें