कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धर्मशाल में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। पर्यटन क्षेत्र करेरी में अपने दोस्तों के साथ घूमने गए 24 वर्षीय युवक की नाले में डूबने से मौत हो गई है।

नाले में डूबने से युवक की मौत

बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ ट्रैकिंग और घूमने के लिए करेरी झील गया हुआ था। जहां से वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सिलाई मशीन में छिपा रखा था ढेर सारा चिट्टा, पुलिस ने मां-बेटे संग 3 को डाला सलाखों के पीछे

युवतियों के बयान दर्ज

जानकारी के अनुसार, जोनल अस्पताल धर्मशाला से थाना को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि करेरी क्षेत्र से एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम जोनल अस्पताल पहुंची और वहां मौजूद युवतियों शगुन, आस्था और मृदूला के संयुक्त बयान दर्ज किए।

डेंटल की पढ़ाई कर रहा था शंशाक

बयान में बताया गया कि शशांक आर्यन (24) पुत्र विशाल कुमार- राजा का तालाब, फतेहपुर का रहने वाला था। शशांक आर्यन अपने साथियों के साथ पांवटा साहिब स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस में पढ़ाई करता था।

यह भी पढ़ें-हिमाचल : एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, बस किराया और राशन भी होगा महंगा

ट्रैकिंग पर गए सभी दोस्त

सभी दोस्त घूमने और ट्रैकिंग के उद्देश्य से 17 मई को करेरी पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने विजय एडवेंचर नामक संस्था के माध्यम से गाइड की व्यवस्था की थी और करेरी झील तक ट्रैकिंग की। समूह ने रात करेरी झील के पास ही बिताई और अगली सुबह करीब 10 बजे वापसी के लिए करेरी गांव की ओर रवाना हुए।

दोस्तों ने किया था मना

दोपहर करीब 12 बजे जब सभी लोग हाफ प्वाइंट के पास पहुंचे तो शशांक आर्यन ने नाले में नहाने की इच्छा जताई। साथियों ने उसे ऐसा करने से रोका और पानी के तेज बहाव को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा। मगर वह नहीं माना और नाले में उतर गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : 2 दिन वर्क फ्रॉम होम करेंगे कर्मचारी, ईंधन और खर्च बचाने पर जोर

गहरे पानी में डूबा युवक

बताया गया कि नहाने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद दोस्तों और गाइड ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला। हालांकि, उस समय उसकी हालत गंभीर थी और वह किसी से बातचीत नहीं कर रहा था।

गाइड की मदद से पहुंचाया अस्पताल

इसके बाद स्थानीय गाइडों और साथियों की मदद से उसे तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के दोस्तों में गहरा सदमा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : गैराज में खड़ी गाड़ी का 100KM दूर कटा TOLL, मैसेज देख मालिक के उड़े होश

पुलिस को किस पर शक?

पुलिस को दिए बयान में साथियों ने स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी अन्य व्यक्ति की कोई गलती नहीं है और उन्हें किसी पर कोई शक भी नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित शवगृह में रखवा दिया है।

आज होगा शंशाक का पोस्टमार्टम

आज शव का पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की जाएगी। ASP बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें