शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक भीषक सड़क हादसा पेश आया है। शोघी-मेहली बाइपास मार्ग पर पेश आए इस सड़क हादसे में बिलासपुर के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
गहरी खाई में समाई कार
हादसा इतना दर्दनाक था कि कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। तेज ढलान वाले पहाड़ी रास्ते पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नदी में तैरती मिली 10 और 13 वर्षीय मासू.म की देह- CCTV फुटेज ने उड़ाए होश, SIT गठित
एक ही परिवार के चार लोग थे सवार
यह हादसा न्यू शिमला थाना क्षेत्र के तहत सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार कार में एक ही परिवार सहित चार लोग सवार थे, जो शिमला की ओर जा रहे थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़कती चली गई। खाई में गिरने के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान
दुर्घटना में 69 वर्षीय सुमन शर्मा और उनकी पत्नी 64 वर्षीय लीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी बिलासपुर के रहने वाले थे। हादसे के समय उनका बेटा अखिल कुमार कार चला रहा था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की आधी आबादी UNMARRIED : बूढ़ों की संख्या लगातार बढ़ रही, बच्चे और जवान कम
बेटे समते दो घायल
दुर्घटना में अखिल कुमार भी घायल हो गया। कार में मौजूद निर्मला देवी नामक महिला भी घायल बताई जा रही हैं। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम राहत दल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। खाई गहरी होने के कारण राहत कार्य काफी कठिन रहा। मगर पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में लव मैरेज का दुखद अंत : 19 वर्षीय विवाहिता की मौ*त, 5 महीने का मासूम छूटा; सास-पति गिरफ्तार
कैसे पेश आया हादसा?
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
पूरे परिवार में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर है। जिस परिवार ने सुबह सामान्य यात्रा शुरू की थी, उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में यह सफर एक बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। इलाके के लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
