सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से आज सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। जहां एक सरिया फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क गई। हादसा इतना गंभीर था कि इसमें एक कर्मचारी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।
सुबह-सवेरे घटी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक तेज लपटें उठीं और देखते ही देखते आग पूरे हिस्से में फैल गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
यह भी पढ़ें : विधानसभा मानसून सत्र : चौथे दिन विपक्ष ने फिर किया हंगामा, नारेबाजी करते निकले सदन से बाहर
काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि इसे काबू करने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें : सदन में बोले CM : युवाओं को गुमराह करती रही BJP, वाकआउट को लेकर भी विपक्ष पर बरसे
घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन तब तक एक कर्मचारी की जान जा चुकी थी। जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया था। घायल कर्मचारी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जान गंवाने वाले की पहचान नहीं
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
