शिमला। दीपावली का त्योहार नजदीक है और लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मनाने के लिए घर लौट रहे हैं। लेकिन जिला शिमला के रामपुर में एक परिवार के लिए यह त्योहार कभी न भूलने वाला दुख दे गया।

 

रायशरण के पास हुए HRTC बस हादसे में 20 साल के वंश की मौत हो गई। वंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिस परिवार को दीपावली पर बेटे के साथ खुशियां मनानी थीं, उस घर में अब मातम पसरा है। हादसे ने परिवार से उसका इकलौता सहारा छीन लिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 60 हजार रिश्वत लेते पकड़ा पुलिस चौकी अफसर, कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा

तीन बहनों की हो चुकी है शादी

वंश गांव कराली, डाकघर डंसा, तहसील रामपुर का रहने वाला था। उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। ऐसे में वंश ही अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और उनका सहारा था। परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा इतनी कम उम्र में उन्हें छोड़कर चला जाएगा। इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं।

सुबह आठ बजे हुआ बस हादसा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सनेई रूट पर जा रही HRTC की बस रायशरण के पास हादसे का शिकार हो गई। हादसे के समय बस में कुल 25 लोग सवार थे। दुर्घटना में वंश की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें : चैंपियन बेटी को शादी के बाद भूली सुक्खू सरकार, पिता बोले- रितु नेगी को 1 करोड़ का इनाम क्यों नहीं?

वंश की मौत से पूरे इलाके में शोक

वंश की मौत की खबर मिलते ही रामपुर क्षेत्र में शोक छा गया। इस दुखद घटना से गांव और आसपास के लोग भी सदमे में हैं। हर कोई परिवार को सांत्वना दे रहा है। जिस बेटे से माता-पिता को बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद थी, उसे खोने का दर्द परिवार के लिए सहना बेहद मुश्किल है। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि सड़क पर हुई एक दुर्घटना किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकती है।