सोलन: हिमाचल में सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। आए दिन कहीं न कहीं से दुर्घटना की खबर सुनने को मिल ही जाती है। इसी कड़ी में आज सोलन में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जहां HRTC की यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई और उसके 2 टायर हवा में झूल गए।
स्कूली छात्र-छात्राओं समेत 25 थे सवार
जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय यह बस (नंबर HP36 C3373) नालागढ़ के साई धर्मपुर अवाड से वाया बद्दी-नालागढ़ को जा रही थी। जानकारी के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 7:15 बजे सोढ़ी गांव के पास घटी। जिस समय बस सड़क से बाहर निकली उस समय बस में स्कूली छात्र-छात्राएं समेत 25 लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इन जिलों में बदली स्कूलों की टाइमिंग: पढ़ें पूरी खबर
स्टेयरिंग हुआ जाम ड्राइवर ने बचाई जान
चालक ने दुर्घटना का कारण बताते हुए कहा कि अचानक बस का स्टेयरिंग जाम हो गया था, जिस कारण बस को मोड़ने में दिक्कत आ रही थी। ऐसे में इमरजेंसी ब्रेक लगनी पड़ी और बस अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बस में सवार लोगों का कहना है कि चालक ने विवेक से काम लेकर बस को काबू कर लिया। यदि चालक वक्त पर ब्रेक न मरता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। बहरहाल, बस में बैठे यात्रियों में से किसी को भी कोई भी नुकसान नहीं हुआ है। घटना के बाद प्रशासन को इस सम्बन्ध में सूचित कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें : घास काटते वक्त फिसला पांव, कई फीट नीचे गिरी महिला
बढ़ रहे HRTC बसों के खराब होने के मामले
गौर करने योग्य है HRTC बसों के यूं अचानक ही खराब हो जाने की ख़बरें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते दिनों मंडी जिला में भी इस तरह का एक मामला सामने आया था जहां एक HRTC बस सड़क से बाहर निकल गई थी। वहां भी गनीमत यह रही थी कि वो पेड़ के सहारे रुक गई, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
