कांगड़ा/ पठानकोट। हिमाचल प्रदेश में एक तरफ जहां बारिश अपना कहर बरपा रही है। वहीं दूसरी तरफ ऐसे मौसम में सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। आए दिन सड़क हादसों में लोग अपनी जानें गवा रहे हैं। ताजा मामले में हिमाचल से सटे पठानकोट से सामने आया है। यहां पर बारिश के दौरान एक बाइक चाकल का अचानक संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
काम से पंगोली चौक की ओर गया था युवक
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे युवक बाइक नंबर HP-38-J-2027 पर किसी काम से पंगोली चौक की ओर गया था। काम निपटाने के बाद वह वापस अपने घर की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को बिजली शुल्क बढ़ाना पड़ा भारी- हाईकोर्ट ने पैसा लौटाने के दिए आदेश
मूसलाधार बारिश के बीच बिगड़ा बाइक का संतुलन
बताया जा रहा है कि लौटते समय तेज बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विक्रम आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विक्रम आदित्य शर्मा (23) पुत्र दिनेश कुमार के रूप में हुई है। वह पठानकोट के वार्ड नंबर 6 मामून गुरचाल का रहने वाला था। हालांकि, उसका मूल निवास कांगड़ा के गांव महमू बताया गया है। विक्रम आदित्य पठानकोट के एक बड़े ज्वेलरी शोरूम में काम करता था।
यह भी पढ़ें : बोर्ड परीक्षा के खराब नतीजे पड़े भारी, 123 शिक्षकों पर गिरी गाज- 7 स्कूल हेड को नोटिस
साथी की सूचना पर परिजनों को दी जानकारी
हादसे की सूचना मिलते ही थाना शाहपुरकंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के साथी सूरज, निवासी मामून गुरचाल, ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हादसे की सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
जांच अधिकारी ASI धर्मपाल ने बताया कि शाहपुरकंडी पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मृत्यु के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने धारा 194 BNSS और धारा 174 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : खेलते-खेलते नाले में गिरा 12 वर्षीय किशोर, तेज बहाव में बहा- कई घंटे बाद मिली देह
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को सिविल अस्पताल भेजा। वहां शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
