कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में आगजनी की घटना का समाचार प्राप्त हो रहा है। जानकारी के अनुसार कुल्लू के लगघाटी क्षेत्र स्थित तियुन गांव में रात के समय भीषण आग लगने से चार मकान जलकर राख हो गए। आग इतनी तेज़ी से फैली कि पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तीन गायें और दस भेड़ें जली

बताया जा रहा है कि आग में तीन गायें और दस भेड़ें भी जल गईं। इसके अलावा एक परिवार के मुखिया, लुहारी राम भी आग में घायल हो गए। उनके चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। मानगढ़ पंचायत के उप प्रधान ख्याल चंद ने बताया कि आग लगने के बाद प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और प्रभावित परिवारों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। यह भी पढ़ें : हिमाचल की जेल में कंबल के लिए भिड़े दो कैदी, एक ही बैरक में रहते थे साथ ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग को आसपास के मकानों में फैलने से रोका। उन्होंने बाल्टियों से पानी डालकर आग को और फैलने से रोकने की कोशिश की, अन्यथा यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।

आगजनी से 80 लाख का नुकसान

आग से हुए नुकसान का अनुमान लगभग 70 से 80 लाख रुपये के बीच लगाया जा रहा है। प्रभावित मकान काठकुणी शैली के बने हुए थे जिनकी कीमत लाखों में थी। स्थानीय निवासी कैप्टन तारा चंद ने बताया कि इस आगजनी में बर्तन, कपड़े, नगदी, सोना-चांदी सहित घर के सारे सामान जलकर राख हो गए। आग के कारण चार परिवारों के 18 सदस्य बेघर हो गए हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। यह भी पढ़ें : प्रतिभा सिंह से शक्तियां छीनने की तैयारी : हाईकमान ने भेजी टीम, नया संगठन बनेगा

सड़क सुविधा की कमी ने बढ़ाई मुश्किलें

बताया जा रहा है कि तियुन गांव अभी तक सड़क सुविधा से वंचित है। यहां तक पहुंचने के लिए करीब 12 किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करना पड़ता है, जिससे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने खुद ही फायरफाइटिंग की कोशिश की और आग को और फैलने से रोका। यह भी पढ़ें : हिमाचलियों को राहत- जब मर्जी बना सकते हैं मकान, बार-बार नक्शा पास करवाने का झंझट खत्म

प्रशासन ने तियुन गांव के लिए रवाना किया

आगजनी की सूचना मिलने के बाद प्रशासन के अधिकारी तियुन गांव के लिए रवाना हो गए हैं और प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है और मामले की जांच जारी है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें