मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन गांवों को गहरे शोक में डुबो दिया है। मंगलवार देर रात कार के गहरी खाई में गिरने से जान गंवाने वाले छह युवकों का आज (गुरुवार) अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस हादसे में पांच परिवारों ने अपने इकलौते बेटों को खो दिया है।

6 दोस्तों की एक साथ मौत

किसी घर से 14 साल के किशोर की अर्थी उठेगी तो किसी परिवार को 21 साल के जवान बेटे को अंतिम विदाई देनी पड़ेगी। एक परिवार के लिए यह त्रासदी और भी असहनीय है, क्योंकि हादसे में उन्होंने अपने पोते और दोते दोनों को खो दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा बेच खड़ा किया साम्राज्य : पुलिस ने गाड़ी-बंगला समेत 57.92 लाख की प्रॉपर्टी सीज

3 गांव में पसरा मातम

तीन गांवों सिमस, गवाला और दरोब में बुधवार से ही शोक का माहौल बना हुआ है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है। हादसे की खबर सामने आने के बाद से ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र के लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

मृतकों की पहचान

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान आयुष राय (21), अनुज कुमार (18) और यश राय (14), निवासी सिमस के रूप में हुई है। वहीं, पंकज कुमार (17) और अर्णव ठाकुर (15) गांव गवाला के रहने वाले थे। छठा युवक आदित्य कुमार (17) दरोब गांव का निवासी था। हादसे का शिकार हुई कार यश के पिता ने करीब 3 महीने पहले ही नई खरीदी थी।

यह भी पढ़ें : सांसद कंगना का राहुल गाधी पर तंज : फोटो शेयर कर लिखा, संस्कार अपने-अपने; छिड़ी नई बहस

परिवार के इकलौते बेटे थे पांचों

एक ही कार में सवार इन छह दोस्तों की मौत से तीनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। इनमें पांच युवक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। परिवारों ने बच्चों के भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने सारी उम्मीदों को खत्म कर दिया। अब इन परिवारों के सामने अपने बच्चों को अंतिम विदाई देने का सबसे कठिन समय है।

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, छहों युवक मंगलवार देर रात पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी कार में सवार होकर अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान लडभड़ोल के पेट्रोल पंप के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार में चल रहा था बेटे की शादी का जश्न, घर पहुंची पिता की देह- गम में बदली सारी खुशियां

रातभर ढूंढते रहे परिजन

हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद रातभर युवक अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता सताने लगी। परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

 

बाइक सवार ने देखी खाई में गिरी कार

करीब 15 घंटे बाद बुधवार दोपहर लगभग दो बजे एक बाइक सवार की नजर सड़क से नीचे खाई में पड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। उसने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। जब खाई में उतरकर देखा गया तो कार में छह युवक फंसे हुए थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला का उजड़ा सुहाग, 2 दिन बाद घर आने वाले था नन्हा मेहमान- सदमे में परिवार

सभी की मौके पर मौत

हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी रणजीत कपूर, नायब तहसीलदार और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया और सभी छह युवकों के शव खाई से बाहर निकाले गए। हालांकि, तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को दी 25-25 हजार की राहत

हादसे के बाद प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई गई। तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने बताया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार अनियंत्रित होने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें : विंटर सेशन : जयराम का आरोप, CM सुक्खू ने सदन में लांघी शब्दों की मर्यादा- मांगे माफी

आज दी जाएगी अंतिम विदाई

लडभड़ोल क्षेत्र में आज छहों युवकों की अंतिम विदाई की तैयारी है। तीन गांवों के लोग अपने बच्चों को आखिरी बार विदा करेंगे। इस हादसे ने न केवल छह परिवारों को उजाड़ दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को ऐसा दर्द दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें