कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब कुल्लू जिले के मनाली में एक और सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां बाहंग इलाके में एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उत्तराखंड के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। 

सोलंगनाला से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले दो दोस्त शाश्वत और पार्थ मनाली घूमने आए थे। दोनों ने यहां किराये पर स्कूटी ली थी और घूमने के लिए सोलंगनाला गए थे।

यह भी पढ़ें : HRTC बस हा*दसे में तीन बहनों से छीन गया इकलौता भाई, लाडले की देह देख मां बेसुध

वहां से वापस मनाली लौटते समय बाहंग इलाके में एक कैफे से थोड़ा आगे उनकी स्कूटी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

इलाज के दौरान पार्थ ने तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को मनाली के मिशन अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण पार्थ की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, उसके दोस्त शाश्वत का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की बैठक आज : 5000 पदों पर भर्ती को मिल सकती है मंजूरी, स्कूलों पर होगा बड़ा फैसला

पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के मनाली पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और फिर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।