कांगड़ा। वर्दी पहनने का सपना हर उस युवा के दिल में धड़कता है, जो कानून और व्यवस्था की रक्षा को अपना जीवन समर्पित करना चाहता है। जब कोई बेटा या बेटी पुलिस की ट्रेनिंग में कदम रखता है, तो सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी की शुरुआत होती है। लेकिन कभी-कभी यही प्रशिक्षण का मैदान ऐसी खबर दे देता है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती।
तबीयत बिगड़ने से हुई मौत
जिला कांगड़ा में पुलिस प्रशिक्षण के दौरान एक महिला कांस्टेबल की अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत ने पूरे महकमे को स्तब्ध कर दिया है। जो बेटी प्रदेश की सुरक्षा की तैयारी कर रही थी, उसकी अचानक विदाई ने पुलिस विभाग ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल IG की पत्नी और बेटे पर पंचकूला में FIR, 15 सुरक्षाकर्मी भी तलब- जानें क्या है पूरा मामला
हाल ही में हुई थी भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला जिला कांगड़ा के तहत डरोह स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र का है, जहां महिला कांस्टेबल प्रशिक्षण ले रही थी। फरवरी माह से इस केंद्र में करीब 1,253 पुरुष और महिला प्रशिक्षु अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रहे हैं।
अचानक बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले महिला कांस्टेबल ने अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत की। मेडिकल जांच में डॉक्टरों ने उसे अल्सर की समस्या बताई। शुरुआत में उसका उपचार प्रशिक्षण केंद्र में ही किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर 84 नई पंचायतों का गठन- तीन चरणों में होगा चुनाव, जानें कहां तक पहुंची तैयारियां
टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती
स्थिति गंभीर होने पर उसे तुरंत टांडा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। परिवार को भी इसकी सूचना दे दी गई थी और वे लगातार उसकी सेहत को लेकर चिंतित थे।
इलाज के दौरान हुई मौत
इलाज के बीच देर रात उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन रविवार को उसका निधन हो गया। महिला कांस्टेबल सिरमौर जिले की रहने वाली थी।
यह भी पढ़ें : US-ईरान के बीच तनाव नहीं हो रहा कम : 35 हजार हिमाचली फंसे, माहौल देख चिंता में परिजन
विभाग में शोक का माहौल
इस असामयिक निधन से पुलिस विभाग में गहरा दुख है। साथी प्रशिक्षुओं और अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है। विभागीय अधिकारी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
