#हादसा
April 16, 2026
हिमाचल: भाई की संदिग्ध मौ*त का गम नहीं सह पाई बहन- तोड़ा दम, बूढ़ी मां ने एक साथ खोए बेटा-बेटी
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़- पूरे गांव में पसरा मातम
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। भोरंज उपमंडल के तहत आने वाले ठारा गांव में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पहले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई और उसके बाद उसकी बहन भी इस सदमे को सहन नहीं कर सकी।
जानकारी के अनुसार, ठारा गांव निवासी 36 वर्षीय अजय कुमार किरतपुर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बीती 12 अप्रैल को अजय अपने घर आया था। अगले ही दिन, 13 अप्रैल को वह ड्यूटी पर लौट गया। मगर कुछ ही समय बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर परिवार तक पहुंची।
जब अजय का शव लेने उसके भाई प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शरीर पर कुछ ऐसे निशान देखे जो सामान्य नहीं लगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। प्रवीण कुमार ने किरतपुर में मामला दर्ज करवा दिया है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

इस दुखद घटना का सबसे गहरा असर अजय की बहन अंजना कुमारी पर पड़ा, जिनकी शादी समीरपुर में हुई थी। भाई की अचानक मौत की खबर सुनते ही वे गहरे सदमे में चली गईं।

बताया जा रहा है कि इस आघात को वे सहन नहीं कर सकीं और उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। अंततः ठारा गांव में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार में दो-दो मौतों ने माहौल को पूरी तरह गमगीन कर दिया।
अजय की अचानक हुई मौत के बाद बूढ़ी मां और पत्नी गहरे सदमे में हैं। अजय की दो बेटियां हैं और दोनों अभी छोटी हैं। अजय की बड़ी बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है और छोटी बेटी की अभी महज दो साल की है।
बूढ़ी मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां ने अपने बेटा और बेटी एक साथ ही खो दिया है। बूढ़ी मां की बेबसी देख लोगों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
इस दोहरी त्रासदी के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। लोग स्तब्ध हैं और परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। परिजन और ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मामले की गहराई से जांच की जाए और अजय की मौत के असली कारणों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।