चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। अपनी भांजी की शादी में शामिल होने आए एक व्यक्ति का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई और जश्न का माहौल गहरे शोक में बदल गया।

जम्मू-कश्मीर से शादी में आया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत नडुल से सामने आया है। यहां पर बीते मंगलवार को व्यक्ति अपने परिवार के साथ नडुल पंचायत के सेरी गांव में अपनी भांजी की शादी में शामिल होने आया था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कु*ल्हाड़ी केस : पुलिस से बचने के लिए बदली 8 गाड़ियां, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार

अंधेरे में फिसला पैर, गहरी खाई में जा गिरा

बताया जा रहा है कि बीते बुधवार देर शाम अंधेरा होने के दौरान व्यक्ति का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक (खाई) में जा गिरा। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण उसकी तलाश में निकल पड़े।

खाई में पड़ा मिला व्यक्ति 

तलाश के दौरान व्यक्ति खाई में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में मिला। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत सिविल अस्पताल डलहौजी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय जीवन कुमार पुत्र केहर सिंह, निवासी गांव दियोसाल, डाकघर हट्टू, तहसील बसोहली, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में तेज बारिश का कहर : 2 जिलों में स्कूल बंद, जलभराव और भूस्खलन ने बढ़ाई मुश्किलें

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

SP ने की घटना की पुष्टि

SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।