चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा मे एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां चलती कार पर अचानक पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिर गया, जिससे कार में सवार 14 वर्षीय लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।
चलती कार पर गिरा पत्थर
बताया जा रहा है कि बच्ची आज सोमवार को अपने परिवार के साथ भरमौर स्थित प्रसिद्ध बन्नी माता मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रही थी। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही उनकी कार ढकोग-बन्नी सड़क से गुजर रही थी, तभी पहाड़ी से अचानक बड़ा पत्थर कार पर आ गिरा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक गायब हो गया था कूरियर कर्मी, दूसरे दिन जंगल में पेड़ से ल.टका मिला श*व
14 साल की बच्ची की मौत
हादसे में बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दीक्षता धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र की रहने वाली थी।
एक दिन पहले भी गई थी युवक की जान
गौरतलब है कि रविवार को भी चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस पर पत्थर गिर गया था। इस हादसे में 22 वर्षीय साहिल की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि साहिल अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : करीब दस लाख रुपये की चरस ठिकाने लगाने जा रहा था आशीष, पहुंचा सलाखों के पीछे
रामपुर में फ्लैश फ्लड से मची तबाही
उधर, शिमला जिले के रामपुर के नरेण इलाके में रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद ब्रांदली खड्ड में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। तेज बहाव के कारण खेल मैदान और करशोली गांव का श्मशान घाट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पति आ रहा था प्रेम के आड़े, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पहुंचाया परलोक; झाड़ियों में मिला
मलबे में दो से तीन गाड़ियां भी दब गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोग इसे बादल फटने की घटना बता रहे हैं, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पागल नाला उफान पर, हाईवे बंद
कुल्लू जिले में सोमवार सुबह तेज बारिश के बाद पागल नाला उफान पर आ गया। भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया, जिससे लारजी और सैंज को जोड़ने वाला मार्ग वाहनों के लिए बंद करना पड़ा। वहीं कांगड़ा जिले में भी सुबह करीब पांच बजे से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में करीब दो घंटे तक तेज बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 9वीं क्लास के छात्र ने उठाया गलत कदम, सूबेदार पिता ने निजी स्कूल पर जड़े गंभीर आरोप
रिज पर अंग्रेजों के समय का डंगा ढहा
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर क्राइस्ट चर्च के पास अंग्रेजों के समय का बना पुराना डंगा भी लगातार बारिश के कारण ढह गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों में आज कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं चंबा, मंडी और शिमला के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है। हमीरपुर, ऊना और सोलन के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। शिमला में सुबह से बादल छाए रहे और कुछ देर के लिए हल्की धूप भी निकली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 72 घंटे भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से बचें। निचले इलाकों में जलभराव और धुंध के कारण कम दृश्यता की भी चेतावनी दी गई है। लोगों से यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
कल तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
7 जुलाई के लिए कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश का सिलसिला 11 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्मार्ट मीटर विवाद पर कोर्ट का बड़ा फैसला, बिजली काटने की कार्रवाई पर रोक- जानें
सैंज नदी में छोड़ा गया बांध का पानी
कुल्लू जिले में लगातार बारिश के चलते पार्बती-III पावर स्टेशन के बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे एहतियात के तौर पर 50 क्यूसेक पानी सैंज नदी में छोड़ा गया। प्रशासन ने लोगों को नदी और नालों के किनारे न जाने की सलाह दी है, क्योंकि इससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
