#हादसा
September 29, 2026
कनाडा में बुझ गया हिमाचल का चिराग : नई कार ने छीन लिया मां-बाप से जवान बेटा
जवान बेटे की मौ.त के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। भद्रकाली गांव के रहने वाले 25 वर्षीय युवक शौर्य राज की कनाडा में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई है।
विदेश में पढ़ाई और नौकरी कर रहे शौर्य की अचानक मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। वहीं, इस घटना की सूचना मिलने के बाद भद्रकाली गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
शौर्य राज, शिव कुमार ठाकुर और कश्मीरी देवी के पुत्र थे। परिवार के अनुसार, शौर्य पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए चंडीगढ़ गए थे- जहां उन्होंने LLB की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा चले गए। कनाडा में उन्होंने मैनेजमेंट की पढ़ाई की और पढ़ाई पूरी करने के बाद वहीं नौकरी करने लगे।
बताया जा रहा है कि शौर्य ने कुछ समय पहले ही कनाडा में नई कार खरीदी थी। वह खुद कार चलाकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि शौर्य की जान चली गई।
विदेश में बसे बेटे की अचानक मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शौर्य के माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि जिस बेटे का भविष्य बनाने के लिए उसने विदेश का रुख किया था, अब वह उनके बीच नहीं रहा।
परिजनों के अनुसार शौर्य राज के पार्थिव शरीर को कनाडा से भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिवार की कोशिश है कि जल्द से जल्द पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भद्रकाली लाया जा सके। पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने के बाद भद्रकाली गांव में ही अंतिम संस्कार किए जाने की बात सामने आई है।
शौर्य की मौत की खबर के बाद गांव में गम का माहौल है। परिवार के दुख में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग भी शामिल हैं। शौर्य राज की मौत ने पूरे भद्रकाली क्षेत्र को झकझोर दिया है। 25 वर्षीय युवक के इस तरह दुनिया से चले जाने की खबर जिसने भी सुनी, वह स्तब्ध रह गया। परिवार के साथ ग्रामीण भी उनके अंतिम संस्कार का इंतजार कर रहे हैं।