#अपराध
July 6, 2026
हिमाचल : अचानक गायब हो गया था कूरियर कर्मी, दूसरे दिन जंगल में पेड़ से ल.टका मिला श*व
शनिवार से थे लापता, पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति का शव पास के जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। यह दर्दनाक घटना सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के कुसुम्पटी इलाके से पेश सामने आया है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति शिमला के विकास नगर में रहकर एक निजी कूरियर कंपनी में नौकरी करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार गोविंद सिंह शनिवार से अचानक लापता हो गए थे। जब उनका कोई पता नहीं चला तो उनकी पत्नी ने कुसुम्पटी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा हुआ था और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका भी सता रही थी।
रविवार को कुसुम्पटी क्षेत्र के हिमुडा कॉलोनी के पास कुछ स्थानीय लोग जंगल की तरफ गए थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को पेड़ से लटका हुआ देखा। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा और अपनी निगरानी में लिया। जब शव की पहचान की गई तो वह लापता व्यक्ति के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला भेजा गया। पुलिस ने पूरे इलाके की बारीकी से जांच की और सबूत इकट्ठा किए।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान 40 वर्षीय गोविंद सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र के रहने वाले थे। IGMC में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था और इलाके में माहौल काफी गमगीन हो गया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।
पुलिस अधिकारी के अनुसार यह मामला फिलहाल आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।