हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के तहत आते कैहडरू में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। हादसा में डेढ़ साल के मासूम दक्ष की मौत हो गई है, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है। यह हादसा तड़के करीब 3:15 बजे पेश आया जब कार चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा।
परिवार सहित लौट रहे थे घर, कार टियाला से टकराई
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब इशांत वालिया, निवासी कोटलू (तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा), अपने परिवार सहित राजस्थान से कार में घर लौट रहा था। कार में कुल सात लोग सवार थे जिनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे। जैसे ही गाड़ी कैहडरू के पास पहुंची, चालक इशांत वालिया का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे सड़क किनारे टियाला से टकरा गई।
यह भी पढ़ें :हिमाचल: बंद गाड़ी के शीशे पर चढ़ा था अखबार- मालिक को इस हालत में मिला चालक, उड़े होश
दक्ष को सिर पर लगी चोट, एम्स में तोड़ा दम
इस हादसे में डेढ़ वर्षीय दक्ष को गंभीर सिर की चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य सदस्यों में दक्ष के पिता निशांत वालिया, मां निशा, चार वर्षीय बहन इनाया, चाचा इशांत, सुनीता और अखिल शामिल हैं। सभी का एम्स में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें : डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री को हाईकमान का बुलावा- आज दिल्ली में होगा बड़ा फैसला, जानें
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस ने चालक इशांत वालिया के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है। फिलहाल परिजन बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है और पुलिस द्वारा घटना की विस्तृत छानबीन की जा रही है।
