सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक उद्योग में गैस लीक होने का मामला सामने आया है। कुछ कर्मचारी जहरीली गैस से बचने के लिए बाहर की तरफ खुली हवा में भागे। हालांकि, जहरीली गैस की चपेट में आने के कारण एक कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि, उद्योग के तीन कामगारों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

खुद उद्योग के अंदर गया ड्राइवर

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहार को बरोटीवाला के पास मंधाला स्थित मैरिन मैडिकेयर उद्योग की तीसरी मंजिल में दवा उत्पादन का काम चल रहा था। इसी बीच अचानक उद्योग में गैस लीक होने लगी तो वहां मौजूद कर्मचारी अंदर से बाहर की तरफ भागे। इस दौरान उद्योग में आग भी लग गई। जिस पर काबू पाने के लिए उद्योग के बाहर खड़ा उद्योग मालिक का ड्राइवर अंदर चला गया। मगर वह जहरीली गैस की चपेट में आ गया।

अस्पताल ले जा रहे थे मगर रास्ते में तोड़ा दम

इसके बाद वह तुरंत भागकर बाहर आया और अपनी गाड़ी में बैठ गया। इसी बीच उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कंपनी के कर्मचारी उसे बरोटीवाला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया है। मृतक की पहचान कमलेश यादव (33) निवासी बलिया उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

कुछ कामगारों को हुई उल्टियां

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जहरीली गैस के कारण कुछ अन्य कामगारों को भी उल्टियां हुईं। मगर खुली हवा में आकर वह सामान्य हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद तीन कामगारों को अस्पताल भर्ती करवाया गया था, जिसमें से एक को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।