घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पल में ही परिवार का सब कुछ खत्म कर दिया। एक किसान जो खेतों में कड़ी मेहनत कर अपने परिवार का पेट पालता था, एक हादसे का शिकार हो गया। जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। व्यक्ति की मौत से परिवार में मातम पसर गया, परिवार ने जहां घर का कमाउ बेटा खो दिया, वहीं अब परिवार पर आर्थिक सकंट गहराने का खतरा बन गया है। 

कार की टक्कर से व्यक्ति की मौत

मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के घुमारवीं क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेऊ गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 42 वर्षीय किसान कर्म चंद की मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी बस में सवारी बन बैठा था चिट्टा तस्कर, पुलिस को लगी भनक- हुआ अरेस्ट

टक्कर के बाद दूर जाकर गिरा शख्स

बताया जा रहा है कि सुबह के समय कर्म चंद अपने खेतों में काम कर रहा था। इसी दौरान उसके खेत में आवारा बैल घुस आए। कर्मचंद इन आवारा बैलों को खेत से बाहर निकलाने में जुट गया। वह बैलों को भगाते भगाते अनजाने में हाईवे पर पहुंच गया। इसी दौरान दधोल की ओर से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी, कि कर्मचंद उछल कर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हारी

हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल किसान को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कर्म चंद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में डॉक्टरों का कमाल : बिना चीर-फाड़ कर बचाई 2 मरीजों की जान, PGI का झंझट खत्म

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कर्म चंद मेहनत.मजदूरी और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी। अब उनकी मौत से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट मंडराने लगा है। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें सब कुछ अनिश्चितता के साए में आ गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : BSF में असिस्टेंट कमांडेंट बना महेश्वर- वर्दी पहन लौटा गांव, मां का सपना किया पूरा

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें