सोलन। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ अब सफर के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं। जगह-जगह भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाओं ने सड़क पर चल रहे लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
चलती कार में गिरी भारी चट्टान
मंगलवार को सोलन जिले में ऐसा ही एक हादसा हुआ, जहां सड़क से गुजर रही कार को पहाड़ी से गिरी भारी चट्टान ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग अंदर फंस गए। हादसे में शिमला शहरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल बख्शी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : नहीं मिला 6 साल का मासूम, कल से तलाश में जुटी पुलिस- रावी का तेज बहाव बना बाधा
भराड़ीघाट के पास कार पर गिरी चट्टान
हादसा NH-205 शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर भराड़ीघाट के दसेरन के पास हुआ। बताया गया कि कार शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान नीचे आ गिरी और सीधे कार पर जा लगी।
अंदर ही फंस गए तीन लोग
चट्टान के गिरते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का मानसून सत्र से पहले झटका : पेट्रोल-डीजल किया महंगा, जानें कितने बढ़े दाम
JCB से हटाई चट्टान, एक घंटे चला रेस्क्यू
भारी चट्टान को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। पहले चट्टान को सड़क से हटाया गया और इसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। राहत और बचाव अभियान करीब एक घंटे तक चला। इस दौरान NH-205 पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
हादसे में अनिल बख्शी की मौत हो गई। उनकी पत्नी बिजेश्वरी बख्शी और बेटा करण बख्शी घायल हुए हैं। दोनों को पहले दाड़लाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में नहीं थम रही बारिश : एक हफ्ते तक जमकर बरसेंगे बादल, कई जिलों में अलर्ट
पति-पत्नी और बेटा थे कार में सवार
मृतक की पहचान 63 वर्षीय अनिल बख्शी के रूप में हुई है, जो छोटा शिमला के रहने वाले और शिमला शहरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। घायलों में उनकी 58 वर्षीय पत्नी बिजेश्वरी बख्शी और 27 वर्षीय बेटा करण बख्शी शामिल हैं। हादसे के वक्त तीनों एक ही कार में सवार थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
SP सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि दसेरन के पास लैंडस्लाइड के कारण पहाड़ी से बड़ा पत्थर कार पर आ गिरा। कार शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही थी और उसमें तीन लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर फटा बादल: पुल बहने से मची तबाही, घरों व खेतों में घुसा पानी
फोरलेन निर्माण पर फिर उठे सवाल
हादसे के बाद NH-205 पर चल रहे फोरलेन निर्माण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इस मार्ग पर कई स्थानों पर पहाड़ी कटिंग और निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के दौरान यहां पहले भी भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं।
स्थानीय लोग पहाड़ियों की कटिंग और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। मंगलवार के हादसे के बाद एक बार फिर यह सवाल सामने है कि बारिश के मौसम में संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों और निर्माणाधीन हिस्सों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें : इस दिन मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं सुंदर सिंह ठाकुर! CM सुक्खू ने दिए संकेत; बोले- जल्द मिलेगा नया मंत्री
सावधानी बरतने की अपील
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
