बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश अब पहाड़ों पर कहर बनकर टूटने लगी है। बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और पहाड़ों से मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मंडी और कुल्लू में सड़कें मलबे से पट गईं और कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। इसी बीच बिलासपुर जिले से सामने आया एक हादसा दिल दहला देने वाला है। शिमला-धर्मशाला एनएच-205 पर भराड़ीघाट के पास अचानक पहाड़ी से एक विशालकाय चट्टान सड़क से गुजर रही कार पर आ गिरी। चट्टान इतनी भारी थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कार पर गिरी विशालकाय चट्टान

भराड़ीघाट के दसरेन के पास बारिश के बीच सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान टूटकर नीचे आ गई और सीधे चलती कार पर जा गिरी। भारी-भरकम चट्टान के कार पर गिरते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे का शिकार हुई कार का नंबर HP52A-7197 बताया जा रहा है। हादसा इतना भयावह था कि कार चट्टान के नीचे दबकर पिचक गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया तथा हादसे की सूचना प्रशासन को दी।

 

 

यह भी पढ़ें : पंजाबी तस्कर पर हिमाचल पुलिस का एक्शन: सीज की 2.09 करोड़ की संपत्ति; गाड़ियां, प्रॉपर्टी-बैंक खाते फ्रीज

कुल्लू में भी चलती गाड़ी पर गिरा मलबा

बारिश और भूस्खलन का असर कुल्लू जिले में भी देखने को मिला। आनी क्षेत्र में एनएच-305 पर बराड़ के पास पहाड़ी से अचानक मलबा और चट्टानें एक चलती गाड़ी पर आ गिरीं। देखते ही देखते वाहन मलबे के नीचे दब गया। हादसे के समय गाड़ी में दो लोग सवार थे, जो चट्टानों और मलबे की चपेट में आने से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की सुक्खू सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने दिया अल्टीमेटम, दो सप्ताह में भरने होंगे ये खाली पद 

 

आनी में ही नए बस स्टैंड के पास खड़ी एक गाड़ी भी भूस्खलन की चपेट में आ गई। पहाड़ी से आए मलबे के कारण वाहन को नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

शिमला में पहाड़ी से गिरे पत्थर, तीन बाइक क्षतिग्रस्त

राजधानी शिमला में भी बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार देर शाम संजौली के सिमेट्री क्षेत्र में पहाड़ी से चट्टानें और मलबा सड़क की ओर आ गिरा। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़ी तीन बाइक आ गईं और उन्हें नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान बाइक के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

259 सड़कें बंद, बिजली -पानी  भी प्रभावित

भारी बारिश और जगह-जगह हुए भूस्खलन का असर प्रदेश के परिवहन और बुनियादी ढांचे पर भी पड़ा है। राज्य में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत 259 सड़कें यातायात के लिए बाधित हुई हैं। इसके अलावा 161 बिजली ट्रांसफॉर्मर बंद हैं, जबकि 54 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। कई इलाकों में सड़क संपर्क टूटने के साथ बिजली और पानी की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है।

 

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के चिकित्सा इतिहास में पहली बार हुई ऐसी सर्जरी, डॉक्टरों ने जोड़ दिया शख्स का क*टा हाथ

 

प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने तथा बिजली-पानी की व्यवस्था बहाल करने में जुटे हुए हैं। हालांकि, लगातार बारिश और पहाड़ियों से मलबा गिरने के कारण राहत कार्यों में भी चुनौतियां बनी हुई हैं।

मंडी-कुल्लू में बढ़ा खतरा

मंडी और कुल्लू जिलों में भी बारिश के कारण कई स्थानों पर पहाड़ दरकने और सड़क पर मलबा आने की घटनाएं हुई हैं। एनएच और अन्य प्रमुख मार्गों पर चट्टानों के गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। कई जगह सड़क बहाली का काम शुरू किया गया है, लेकिन पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने के कारण स्थिति पूरी तरह सामान्य करने में परेशानी आ रही है।

बारिश के दौरान सबसे ज्यादा खतरा उन क्षेत्रों में बना हुआ है, जहां पहले से भूस्खलन की घटनाएं होती रही हैं। ऐसे स्थानों पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करना भी जोखिम भरा साबित हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहाड़ी से गिरा मलबा, चपेट में आईं कई बाइक-स्कूटी; तेज बारिश में स्कूल-कॉलेज बंद

तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता आने वाले दिनों में भी बनी रहने की संभावना है, जिसके चलते कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़क पर मलबा आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें