पांगी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने एक हंसते खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। यहां देर शाम को एक परिवार अपने घर के मुखिया का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उन्हें फोन पर जो खबर मिली, उसने उनकी पूरी दुनिया ही उजाड़ कर रख दी। खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला के जनजातीय क्षेत्र पांगी में लोक निर्माण विभाग ;च्ॅक्द्ध के एक कर्मचारी की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। रोजाना की तरह वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर साबित होगा। मृतक की पहचान गिरधारी लाल (52/54 वर्ष) पुत्र कर्म दास निवासी गांव घिसल डाकघर साच तहसील पांगी जिला चंबा के रूप में हुई है। वह लोक निर्माण विभाग पांगी में बेलदार के पद पर नियमित कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल से पंजाब पहुंचाया जा रहा था नशा- बस से उतरते ही पुलिस ने धरे, महिला समेत 3 गिरफ्तार

ड्यूटी के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार गिरधारी लाल शनिवार देर शाम सब डिवीजन साच में अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद पैदल अपने गांव घिसल की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह टांकू ढांक बदरूड़ ढांक के समीप पहुंचे तो अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। पहाड़ी रास्ता संकरा और खतरनाक होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरे। ढांक बेहद गहरी होने के कारण गिरधारी लाल को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- सड़क निर्माण में देरी पर सुक्खू सरकार का एक्शन : अब एक ठेकेदार को नहीं मिलेंगे 2 से ज्यादा काम

रात भर तलाश करते रहे परिजन

उधर. घर में परिवार उनके लौटने का इंतजार करता रहा। देर रात तक जब गिरधारी लाल घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। कई बार फोन मिलाने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों को साथ लेकर उनकी तलाश शुरू की गई। रात का अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण तलाश अभियान में काफी दिक्कतें आईं और देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।

सुबह चला दोबारा सर्च ऑपरेशन, खाई में मिला शव

रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया। काफी तलाश के बाद करीब 11 बजे गिरधारी लाल का शव गहरी खाई से बरामद किया गया। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर फैल गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनावी जीत के जश्न में मची भगदड़, बेकाबू सांड ने भीड़ पर किया हम.ला- 7 घायल

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पांगी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने नागरिक अस्पताल किलाड़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस थाना पांगी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला दुर्घटनावश खाई में गिरने का माना जा रहा है।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

गिरधारी लाल लंबे समय से लोक निर्माण विभाग में सेवाएं दे रहे थे और अपने मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में काफी सम्मानित माने जाते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव घिसल और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें