हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। दाड़ला पंचायत के भलेठ क्षेत्र के भलेठ और सीहोरबल्ला गांवों को जोड़ने वाले ब्यास पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ।

नदी के बीच फंसा था युवक का शव

शव नदी के बीच फंसा हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सुजानपुर पुलिस थाना टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे तक लाया गया।

यह भी पढ़ें- माता बगलामुखी के दर्शन करने आया था ITBP जवान, देह लेकर घर लौटे मां और भाई- सदमे में परिवार

 तीन दिन पहले नहाते समय डूबा था

जांच के दौरान मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रवासी युवक के रूप में हुई- जो सुजानपुर के डोली क्षेत्र में तूड़ी की दुकान पर काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक करीब तीन दिन पहले शनिवार को अपने कुछ साथियों के साथ ब्यास नदी में नहाने गया था

तेज बहाव में डूबा युवक

इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और तेज बहाव में वह बह गया। बताया जा रहा है कि युवक के डूबने के बाद उसके साथी काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो वे वहां से चले गए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की झील कश्मीर तक मचाएगी तबाही...भारी फ्लड का अलर्ट, खतरे में कई गांव

पुलिस को नहीं दी सूचना

सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही प्रशासन को अवगत करवाया गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर समय रहते पुलिस को सूचना दी जाती, तो रेस्क्यू अभियान पहले शुरू हो सकता था।

साथियों से पूछताछ कर रही पुलिुस

बीते कल मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक के साथ नदी में गए उसके साथियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटनाक्रम के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें