शिमला। चारों ओर से नशे के चंगुल में फंसते हिमाचल प्रदेश के युवाओं पर नकेल कसने व नशा मुक्त करने के लिए प्रदेश सरकार अब बड़ा कदम उठाने जा रही है। जिसके लिए सरकार प्रदेश ने कॉलेज परिसरों में जल्द ही यूरिन-आधारित ड्रग डिटेक्शन किट का इस्तेमाल शुरू करने का निर्णय लिया है।

सभी कॉलेज प्राचार्यों को पत्र जारी

जानकारी के अनुसार, यह पहल एडीजीपी सीआईडी के सुझाव पर शिक्षा विभाग द्वारा लागू की जा रही है। उच्चतर शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा ने सभी कॉलेज प्राचार्यों को पत्र जारी कर पीटीए बैठकों में इस विषय पर अभिभावकों से चर्चा करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक से मिला 15 लाख का चिट्टा, ग्राहकों को बुलाता था अपने घर- हुआ अरेस्ट

इस नई व्यवस्था से छात्रों पर लंबे समय तक चलने वाली मेडिकल जांच की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि महज एक मिनट में ही यह साफ हो जाएगा कि छात्र ने नशा किया है या नहीं।

कैसे काम करती है यह किट?

यह किट तकनीक में बिल्कुल सरल है और प्रेगनेंसी टेस्टिंग किट की तरह काम करती है। इसमें छह अलग-अलग खाने बने होते हैं, जिनमें विभिन्न प्रकार के नशे की जांच की जाती है।

  • परीक्षण के लिए छात्र का यूरिन लिया जाता है।
  • यदि यूरिन में किसी खास ड्रग की मौजूदगी है, तो संबंधित खाना लाल रंग में बदल जाता है।
  • पूरी प्रक्रिया सिर्फ 60 सेकंड में पूरी हो जाती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को देखकर भागने लगे दो युवक, तलाशी लेने पर मिली चिट्टे की खेप

पहले भी हो चुका प्रयोग

इससे न केवल यह पता चलता है कि छात्र नशे के सेवन में है या नहीं, बल्कि शुरुआती चरण में ही पहचान कर उपचार और काउंसलिंग के जरिए उसे नशे से बाहर निकालने का अवसर भी मिल सकता है। परिवार भी इसे प्रयोग कर सकते हैं। प्रदेश के दो जिलों बिलासपुर और हमीरपुर में पहले ही इस किट का इस्तेमाल किया जा चुका है। वहां यह काफी कारगर साबित हुई थी।

सरकार की सख्ती और कार्रवाई

नशे के खिलाफ हिमाचल सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है। केवल चिट्टे के मामलों में ही पिछले दो वर्षों (31 जुलाई 2025 तक) में 3507 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से ज्यादातर आरोपी युवा हैं। इसके अलावा, 1 अगस्त 2023 से 31 जुलाई 2025 के बीच 50 आरोपियों की संपत्ति भी सीज की गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।