शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से शुष्क चल रहे मौसम के बीच अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है।
48 घंटे खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 फरवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों की अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं। इसके अगले दिन यानी 28 फरवरी को मंडी और किन्नौर के ऊपरी क्षेत्रों में भी मौसम करवट ले सकता है।
यह भी पढ़ें: आर्थिक संकट के बीच सुक्खू सरकार जुटाएगी 3 हजार करोड़ का अतिरिक्त राजस्व, जानें क्या है प्लान
फिर होगी बारिश-बर्फबारी
इन इलाकों में हल्की बारिश या बर्फ के फाहे गिरने की संभावना जताई गई है। ऊंचे क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे लोगों को दोबारा से तेज ठंड का एहसास हो सकता है।
तापमान सामान्य से ऊपर
वर्तमान में प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जिससे फरवरी के अंतिम सप्ताह में भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह पश्चिमी विक्षोभ कुछ सक्रिय रहा तो ठंड दोबारा हल्की वापसी कर सकती है, खासकर जनजातीय और ऊपरी पर्वतीय इलाकों में।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में राशन का 'महाघोटाला' बेनकाब: 2 लाख फर्जी कार्ड रद्द, गरीबों के निवाले पर रईसों का डाका!
कम हुई बारिश-बर्फबारी
इस सर्दी के मौसम में प्रदेश में सामान्य से काफी कम वर्षा और हिमपात हुआ है, जिससे जलस्रोतों और कृषि क्षेत्र पर असर देखने को मिला है। पर्यटन कारोबार पर भी इसका प्रभाव पड़ा है, क्योंकि बर्फबारी कम होने से कई प्रसिद्ध स्थलों पर पर्यटकों की संख्या अपेक्षाकृत घट गई।
जानें मौसम अपडेट
ऐसे में फरवरी के अंत में संभावित हल्की बर्फबारी से पर्यटन व्यवसायियों को थोड़ी राहत की उम्मीद है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम के अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
