शिमला। हिमाचल प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकती रही। कई इलाकों में गरज.चमक के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
कहां-कहां बिछी सफेद चादर
कुफरी, शिलारू, कोठी, कल्पा, सांगला, जोत और गोंदला सहित लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचे क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फ गिरती रही। ताजा हिमपात से पहाड़ों की चोटियों पर सफेद चादर बिछ गई, जिससे पूरे क्षेत्र का नजारा बेहद मनोरम हो गया। फरवरी महीने की शुरुआत बर्फबारी के साथ होने से शीतकालीन पर्यटन स्थलों की खूबसूरती और निखर गई है। मनाली, सोलंगनाला और आसपास के इलाकों में बर्फ गिरते देख पर्यटक खासे उत्साहित नजर आए और उन्होंने बर्फ के फाहों के बीच जमकर मस्ती की।
यह भी पढ़ें : अमेरिका में बंदी हिमाचल का युवक, 14 दिन बाद घर लौटा, शादी की खुशियां हुईं दोगुनी
वीकेंड पर दिखा पर्यटन उत्साह
हालांकि टैक्सी सेवाएं बंद रहने और मौसम खराब होने के कारण पर्यटकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन वीकेंड होने से पर्यटन कारोबारियों में संतोष देखने को मिला। फिलहाल पर्यटक मनाली से सोलंगनाला तक सीमित दायरे में ही बर्फ का आनंद ले पा रहे हैं।
तापमान में गिरावट, ठंड का बढ़ा असर
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : केंद्रीय बजट में हिमाचल को बड़ा झटका! 40 हजार करोड़ का हुआ नुकसान; नहीं मिली RDG
बर्फबारी के बीच मरीज एयरलिफ्ट
खराब मौसम के बावजूद प्रशासन की तत्परता भी सामने आई है। शिमला जिले के दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार से 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बर्फबारी के बीच एयरलिफ्ट कर सुरक्षित पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचाया गया। समय रहते उपचार मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
55 से अधिक पशुओं की मौत
सोलन जिले के सोलन-सपाटू मार्ग पर देवठी के पास तड़के आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु घायल हो गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद भेड़ पालक बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित भेड़ पालक किन्नौर जिले के भाबा क्षेत्र से संबंध रखते हैं। इस हादसे से उनकी आजीविका को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगा का झटका: आज से महंगा हो गया LPG सिलेंडर, जानें कितनी बढ़ी कीमतें
अगले कुछ दिन मौसम खराब रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिनों तक ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
