शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने जुलाई के शुरुआती दिनों में ही जोरदार दस्तक दी है। एक से 10 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य से 54 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ बुनियादी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

लगातार हुई बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क बाधित हुआ है और बिजली व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। हालांकि मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के सामने ही शख्स पर किए कु*ल्हाड़ी से कई वार, निकला पुराना कनेक्शन- जानें

सामान्य से ज्यादा हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक से 10 जुलाई के दौरान प्रदेश में सामान्य तौर पर 67.8 मिलीमीटर वर्षा होती है। जबकि इस बार इसी अवधि में 104.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में करीब 320 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा 200 से अधिक बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित होने से कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

6 जिलों में अलर्ट जारी

पिछले दो दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश का दौर देखने के बाद अब मानसून की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, 11 जुलाई से अगले छह दिनों तक प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि कुछ जिलों में मौसम को देखते हुए यलो अलर्ट लागू रहेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ी चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सोना-चांदी, नकदी बरामद

कई हिस्सों में छाए बादल

मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 11 से 14 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की गई है।

मानसून फिर होगा सक्रिय

हालांकि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 से 24 जुलाई के बीच मानसून फिर सक्रिय और मजबूत हो सकता है। इस दौरान प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और अन्य मौसम संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा बेचने के मंसूबे नाकाम, पंजाब से आए थे तीन सप्लायर- हुए गिरफ्तार

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग के अनुसार बीते दो दिनों के दौरान भी प्रदेश में सामान्य से करीब 200 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जो मानसून की सक्रियता को दर्शाती है। ऐसे में लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें