शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक सर्दी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। बीती दो दिनों से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का दौर लगातार जारी है, जिससे जनजीवन पर भी असर पड़ने लगा है।
भारी बर्फबारी की गई दर्ज
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति के अटल टनल रोहतांग के आसपास करीब 6 इंच ताजा बर्फ गिरी है, जबकि कोकसर में यह आंकड़ा 8 इंच तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 5 महीने बाद पकड़ा POCSO केस का आरोपी, DNA टेस्ट से खुली पोल..
सफेद चादर से ढका पूरा इलाका
इसके अलावा शिंकुला और रोहतांग दर्रे में लगभग 10-10 इंच नई बर्फबारी ने पूरे इलाके को सफेद चादर में ढक दिया है। इन इलाकों में तापमान तेजी से गिरा है और ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है।
किसानों को मिली राहत
दूसरी ओर, मध्यम और निचले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जैसे जिलों में बीती रात से ही बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण जहां एक ओर किसानों को कुछ राहत मिली है, वहीं कई जगहों पर ठंड बढ़ने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े तीन युवक, राजस्थान से आए थे चरस की डील करने- पहुंचे जेल
48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
आंधी, तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी
इसके साथ ही इन इलाकों में तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो नुकसानदायक साबित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें : विपक्ष ने CM सुक्खू को बताया 'झूठा', नोटिस देने के लिए कसी कमर- जानें पूरा मामला
सतर्क रहने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने साफ तौर पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा गया है। पर्यटकों को भी चेताया गया है कि वे ऊंचाई वाले इलाकों की ओर रुख करने से फिलहाल परहेज करें, क्योंकि बर्फबारी के चलते सड़कें फिसलन भरी और जोखिम भरी हो सकती हैं।
हिमाचल में यलो अलर्ट जारी
प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मौसम को लेकर यलो अलर्ट भी जारी है, जबकि किन्नौर ऐसा एकमात्र जिला है, जहां फिलहाल किसी प्रकार की विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि, वहां भी मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें : रील बनाई तो होगी कार्रवाई : ओशीन शर्मा विवाद के बाद सरकार ने बनाई नई गाइडलाइन
फिर लौटी जनवरी जैसी ठंड
इस मौसम परिवर्तन के चलते प्रदेश में एक बार फिर जनवरी जैसी ठंड लौट आई है। दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जबकि कुछ शहरों में यह गिरावट 10 से 11 डिग्री तक दर्ज की गई है। लगातार ठंडी हवाओं और बादलों के कारण लोगों को दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, 21 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। इसके बाद केवल ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी और मध्यम क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।
