#यूटिलिटी

May 3, 2026

हिमाचल में मौसम का कहर जारी: कल 5 जिलों में तूफान-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल में 4 दिन खराब रहेगा मौसम, विभाग ने जारी की चेतावनी

शेयर करें:

Himachal weather havoc,

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने ऐसा रौद्र रूप धारण किया है कि मई का महीना भी सर्दियों जैसा महसूस होने लगा है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने जमकर तबाही मचाई, जबकि ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी ने लोगों को दिसंबर का अहसास करवा दिया। मौसम विभाग की चेतावनी है कि यह कहर अभी थमने वाला नहीं है और अगले 4 दिन तक हालात और बिगड़ सकते हैं।

बारिश-बर्फबारी का डबल अटैक

राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। दोपहर में भी कई जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि जारी रही। वहीं रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला जैसी ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात दर्ज किया गया, जिससे ठंड अचानक बढ़ गई है।

 

यह भी पढ़ें : सोया रहा विक्रमादित्य का विभाग, NH पर बारिश में ही बिछा दी कोलतार; लोगों ने मांगी जांच; देखें VIDEO

आंधी और ओलों ने बढ़ाई मुश्किलें

प्रदेश में कई स्थानों पर 40 से 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। धर्मशाला, कुफरी और मशोबरा में ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान पहुंचाया। शिमला में तेज तूफान के चलते कई जगह पेड़ गिर गए और टहनियां टूटने से आवाजाही प्रभावित हुई। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस नर्सिंग संस्थान की 17 प्रशिक्षु नर्सें निकली टीबी संक्रमित; अभिभावकों ने किया हंगामा

किसानों-बागवानों पर दोहरी मार

इस खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों और बागवानों पर पड़ा है। सेब सहित अन्य फलदार पौधों को ओलावृष्टि से नुकसान पहुंचा है, जबकि गेहूं की फसल भी कई जगह प्रभावित हुई है। खेतों में तैयार फसल पर बारिश और तेज हवाओं ने चिंता बढ़ा दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नर्स बनने आई बेटियां बनी 'मरीज' हॉस्टल में 'नर.कीय जीवन' का खुलासा; बंदर भगाने की ड्यूटी..

अगले 4 दिन भारी, ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 और 5 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान निचले इलाकों में भारी वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 7 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चलती बस में ड्राइवर को पड़ा दिल का दौरा- बीच सड़क पलटी; चीखों से दहला इलाका

तापमान में गिरावट, ठंड ने दी दस्तक

लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर गया है, जिससे एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ गया है।

पर्यटन पर मिला-जुला असर

एक ओर खराब मौसम ने जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं दूसरी ओर मनाली में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। पिछले तीन दिनों में हजारों वाहन मनाली पहुंचे और होटलों में ऑक्यूपेंसी 75 प्रतिशत तक पहुंच गई। हालांकि मौसम खराब होने के कारण रविवार को पर्यटकों की आवाजाही कुछ कम हुई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख