शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों से राज्य के अनेक हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा असर सिरमौर जिले में देखने को मिला है- जहां भारी बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बंद होने और जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं।
आज शिक्षण संस्थान बंद
सिरमौर जिले के संगड़ाह और पच्छाद सब डिवीजन में हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आज शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। SDM द्वारा जारी आदेशों के अनुसार स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि, यह आदेश टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ पर लागू नहीं होगा और उन्हें आवश्यक सेवाओं के लिए उपस्थित रहना होगा।
कई क्षेत्रों में भरा पानी
सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
लगातार बारिश, गाड़ियों को नुकसान
वहीं, शिमला जिले के अधिकांश भागों में गुरुवार से लगातार बारिश जारी है। राजधानी के उपनगर विकासनगर में रात के समय पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना सामने आई, जिसमें दो गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
मौसम विभाग का ताजा अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए अलग-अलग स्तर के अलर्ट जारी किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज शिमला और सिरमौर में बहुत तेज बारिश, सोलन में मध्यम से तेज बारिश और कुल्लू, मंडी, किन्नौर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर में सामान्य बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, 5 जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों के लिए एडवाइजरी
प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। इन स्थानों से दूर रहें-
- नदी और नालों के किनारे
- भूस्खलन संभावित क्षेत्र
- खड़ी पहाड़ियों के नीचे
- बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा
कल से कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार राहत की बात यह है कि 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक मानसून की तीव्रता कुछ कम हो सकती है। इस अवधि में केवल मध्यम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में ही तेज बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्के बादल या बूंदाबांदी के आसार हैं।
अब तक सामान्य से 26% अधिक बारिश
राज्य में मानसून की एंट्री के बाद से अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। लगातार हो रही बारिश से जलस्रोतों में पानी बढ़ा है, लेकिन साथ ही भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाएं
- लैंडस्लाइड- 6
- बादल फटना- 4 ( किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू)
- सड़कें बंद- 250+
- ट्रांसफॉर्मर बंद- 200+ (बिजली आपूर्ति प्रभावित)
यह भी पढ़ें : हिमाचल : तमाशबीन बने पुलिस कर्मियों पर चला कानून का डंडा, सस्पेंड हुए दो जवान- जानें मामला
तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है, जबकि निचले इलाकों में उमस से राहत मिली है।
