शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इन जिलों में कई जगह तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही भूस्खलन, पहाड़ियों से पत्थर गिरने और फ्लैश फ्लड का खतरा भी बना रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहें।
लगातार बारिश से कई जगह जनजीवन प्रभावित
पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर प्रदेश के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। मंडी-पराशर मार्ग पर चलती बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना सामने आ चुकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार के साथ 18वां जन्मदिन मनाने के बाद गायब हुई लड़की- परिजन पहुंचे थाने
वहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बंद हो गई हैं और छोटे पुलों व खड्डों में पानी बढ़ने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी, नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने और मौसम से जुड़ी हर नई जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।
वाहन चालक सफर से पहले जरूर लें सड़क और मौसम की जानकारी
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में दृश्यता कम हो सकती है। सड़कों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर राष्ट्रीय राजमार्गों, संपर्क मार्गों और पहाड़ी सड़कों पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा बेचने के मंसूबे नाकाम, पंजाब से आए थे तीन सप्लायर- हुए गिरफ्तार
प्रशासन ने भी जारी की एडवाइजरी
बारिश को देखते हुए प्रशासन ने जिला अधिकारियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, झरनों और भूस्खलन संभावित जगहों के पास न जाएं। वहीं किसानों और बागवानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही खेती और बागवानी से जुड़े काम करने की सलाह दी गई है।
अगले दो दिन भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी या हादसे से बचा जा सके।
