शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते कल से ही मौसम बदला हुआ है, प्रदेश में लगातार पड़ रही तेज गर्मी के बाद मौसम ने अपना रुख बदला है। कल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओला-वृष्टि होने के बाद आज सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर चला हुआ है। शिमला, कांगड़ा जैसे जिलों में हुई बारिश के कारण तापमान में कमी आई है और रविवार के दिन लोगों को थोड़ी राहत नसीब हुई है।
इन 10 जिलों के जारी है येलो अलर्ट
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के द्वारा कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर, चंबा, शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कुल्लू में आंधी-तूफ़ान चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लाहौल स्पीती और किन्नौर के लिए इस तरह की चेतावनी नहीं दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: दो सगे भाई एक साथ हुए भर्ती... साथ रिटायर, अब 2 माह में एक जैसी मौ*त; मां ने खोए फौजी बेटे
मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ-साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अलर्ट वाले इलाकों में बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट किया गया है।
सुबह-सवेरे तूफ़ान से मची तबाही
ताजा अपडेट्स के अनुसार बीती रात को सुजानपुर के चमियाना में तेज तोफान आने से एचटी लाइन को नुकसान पहुंचा है और इलाके लिए बिजली ठप हो गई है। इसी तरह कांगड़ा से भी कई जगहों पर बिजली कटने की सूचना प्राप्त हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में महंगाई से मिली राहत: डिपुओं में सस्ता हुआ सरसों तेल, बाजार से 60 रुपए कम हुए दाम
वहीं, प्रदेश में कई जगहों पर सुबह 6-7 बजे के आसपास से ही बारिश हो रही है। इसके अलावा रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा जैसी ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फ़बारी भी देखी गई है। जबकि शिमला के कुछ इलाकों में ओले बरसने के कारण बागवानों को काफी नुकसान हुआ है।
कब तक ऐसा ही रहेगा मौसम ?
आपको बता दें कि प्रदेश के मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आया है। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि इस पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में 3 जून तक नजर आएगा, जिसके कारण उंचाई वाले इलाकों में बर्फ़बारी और निचले इलाकों में बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में एक से लेकर तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होगी।
