#यूटिलिटी
May 29, 2026
हिमाचल में महंगाई से मिली राहत: डिपुओं में सस्ता हुआ सरसों तेल, बाजार से 60 रुपए कम हुए दाम
प्रदेश में बढ़ती महंगाई के बीच सुक्खू सरकार ने दी जनता को बड़ी राहत
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और रोजमर्रा की वस्तुओं के महंगे होने से जहां महिलाओं की रसोई का बजट बिगड़ रहा था, वहीं अब रसोई से जुड़ी एक बड़ी राहत सरकार की ओर से दी गई है। प्रदेश के सरकारी राशन डिपुओं में मिलने वाला सरसों का तेल अब पहले से काफी सस्ता मिलने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत राशन कार्ड धारकों को डिपुओं में बाजार कीमत से करीब 60 रुपए प्रति लीटर कम दाम पर सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार खुले बाजार में इन दिनों सरसों तेल की कीमत 220 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है। वहीं अब सरकारी डिपुओं में यही तेल करीब 160 रुपए प्रति लीटर की दर से मिलेगा। यानी उपभोक्ताओं को हर लीटर पर लगभग 60 रुपए तक की सीधी बचत होगी। सरकार की इस पहल से प्रदेश के लाखों परिवारों को महंगाई से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत करीब साढ़े 19 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को हर महीने खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है। इन्हीं परिवारों को अब सस्ती दरों पर सरसों का तेल भी मिलेगा। सरकारी योजना के तहत पात्र परिवारों को हर महीने दो लीटर खाद्य तेल उपलब्ध करवाया जाता है। ऐसे में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के मासिक खर्च में अच्छी-खासी राहत मिल सकती है।
सूत्रों के अनुसार खाद्य तेल सप्लाई के लिए जारी किए गए टेंडर में अदाणी समूह की कंपनी की बोली सबसे कम रही। इसके बाद कंपनी को प्रदेश के राशन डिपुओं में खाद्य तेल उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब विभाग की ओर से सप्लाई प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द डिपुओं में नई दरों पर तेल उपलब्ध करवाया जा सके।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सप्लाई ऑर्डर जारी किए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में खाद्य तेल की कमी न हो और दूरदराज इलाकों तक भी नियमित रूप से सप्लाई पहुंचती रहे। इसके अलावा डिपुओं में रिफाइंड तेल, दालें, चीनी और नमक जैसी आवश्यक वस्तुएं भी रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
महंगाई के इस दौर में रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सस्ते दर पर सरसों तेल उपलब्ध होने से विशेष रूप से गृहिणियों और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि यदि सरकार इसी तरह जरूरी खाद्य वस्तुओं पर राहत देती रही तो आम परिवारों पर बढ़ती महंगाई का असर कुछ हद तक कम किया जा सकेगा।