मंडी। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम और पंचायत चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच मंडी नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में बड़ी घोषणा कर चुनावी माहौल को और गर्मा दिया।

सरकार जल्द फंड जारी करेगी

बतौर रिपोर्टर्स, बीते कल यानी बुधवार को मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि उनकी सरकार विकास को प्राथमिकता दे रही है और मंडी शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया पर किन्नौरियों को कहा 'चाइनीज'- समुदाय में भारी रोष, सड़कों पर उतरे

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नगर निगम के पांच वार्डों के लिए 50-50 लाख रुपये का विशेष विकास बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि यदि कांग्रेस समर्थित पार्षद जीतकर आते हैं तो विकास कार्यों को गति देने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुने गए पार्षद यदि चुनाव के तुरंत बाद विकास योजनाओं का प्रस्ताव लेकर आते हैं तो सरकार जल्द फंड जारी करेगी।

सुक्खू ने कहा, वह स्वयं भी कभी काउंसलर रह चुके हैं

अपने संबोधन में सुक्खू ने कहा कि वह स्वयं भी कभी काउंसलर रह चुके हैं, इसलिए उन्हें स्थानीय स्तर की समस्याओं और नगर निकायों की जरूरतों की अच्छी समझ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार शहरों और गांवों दोनों में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता दे रही है।

यह भी पढ़ें : सोना खरीदने से कौन रोक सकता है? PM मोदी की अपील पर बोले CM सुक्खू- यह हमारी संस्कृति का हिस्सा

मुख्यमंत्री ने नगर निगम चुनावों को प्रदेश की राजनीति का “सेमीफाइनल” बताया। उन्होंने कहा कि जनता सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से संतुष्ट है और इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई देगा।

जनता विकास के मुद्दे पर पार्टी का समर्थन करेगी

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मंडी नगर निगम में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और जनता विकास के मुद्दे पर पार्टी का समर्थन करेगी। इस चुनावी घोषणा के बाद मंडी नगर निगम चुनाव और अधिक दिलचस्प हो गए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख दलों के बीच चुनावी मुकाबला और तेज होने वाला है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें