#अपराध
May 14, 2026
हिमाचल : सोशल मीडिया पर किन्नौरियों को कहा 'चाइनीज'- समुदाय में भारी रोष, सड़कों पर उतरे
जिले भर में शुरू किया जाएगा बड़ा आंदोलन
शेयर करें:

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने जनजातीय समुदाय में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। रिकांगपिओ में कारोबार करने वाले एक बाहरी व्यक्ति द्वारा फेसबुक पर किन्नौरी लोगों को लेकर कथित नस्लीय टिप्पणी किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एक पोस्ट पर कमेंट करते हुए किन्नौरियों को ‘माइग्रेटेड चाइनीज़’ बताया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसे समुदाय और सीमांत क्षेत्र की अस्मिता पर हमला करार दिया।
मामले के विरोध में पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक किन्नौर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल किन्नौर के लोगों का अपमान हैं, बल्कि सीमा क्षेत्र में रहने वाले देशभक्त नागरिकों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यापारी पहले भी विवादों में रह चुका है। समुदाय के लोगों के मुताबिक उस पर अवैध गतिविधियों और प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन के आरोप लगते रहे हैं। जनजातीय भूमि से जुड़े मामलों को लेकर भी उसके खिलाफ कानूनी विवाद चल रहे हैं।
हितेश नेगी ने कहा कि किन्नौर जैसे सीमांत जिले के लोग कठिन परिस्थितियों में रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे जवानों का मनोबल बढ़ाते हैं। ऐसे लोगों को विदेशी या चीन से जोड़कर संबोधित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो जिले भर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा और लोग सड़कों पर उतरेंगे।
उधर, मामले के बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी किन्नौर ने भरोसा दिलाया है कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी की कानूनी रूप से जांच होगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे जिले में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।