शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। ये पुनर्गठन करीब डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद हुआ है। पार्टी ने अनुभवी दिग्गजों और ऊर्जावान युवाओं के बीच तालमेल बिठाने की कोशिश की है ताकि 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की जा सके।

संगठन में बड़ा बदलाव

साल 2024 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने तत्कालीन अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व वाली समितियों को भंग कर दिया था। इसके बाद 2025 में विनय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब विनय कुमार की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है जिसमें 'एक व्यक्ति, एक पद' के सिद्धांत को प्राथमिकता दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पहले की दोस्त की ह*त्या, फिर गड्ढा कर दफना दिया श*व- शातिर आरोपी गिरफ्तार

कार्यकारिणी का स्वरूप

नई टीम में सांगठनिक ढांचे को मजबूती देने के लिए 27 महासचिव और 12 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही एक सशक्त कार्यकारी समिति और राजनीतिक मामलों की समिति का भी गठन किया गया है।

  • राजनीतिक मामलों की समिति: इस महत्वपूर्ण समिति में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, प्रतिभा सिंह और विनय कुमार जैसे दिग्गज शामिल हैं। इनके साथ ही सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को भी इसमें जगह दी गई है ताकि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

  • कार्यकारी समिति: इसमें सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री सहित वरिष्ठ नेता जैसे कौल सिंह ठाकुर, आशा कुमारी, विप्लोव ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह को शामिल किया गया है।

  • उपाध्यक्ष और महासचिव: उपाध्यक्षों की सूची में प्रकाश चौधरी, बंबर ठाकुर, और सतपाल रायजादा जैसे नाम शामिल हैं। वहीं महासचिवों की सूची में 27 नेताओं को जगह मिली है जिनमें विनोद जिंटा, चंदर शेखर और सोनिया चौहान जैसे नाम प्रमुख हैं। मदन चौधरी को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के 5 जिलों में दो दिन ओलावृष्टि-अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट, 3 अप्रैल तक सताएगा मौसम

क्या होगा असर ?

कांग्रेस की इस नई टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती गुटबाजी को खत्म कर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना है। नई सूची में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाने का प्रयास भी साफ झलकता है। पार्टी ने उन चेहरों को आगे बढ़ाया है जो जमीन पर पकड़ रखते हैं। क्योंकि हिमाचल में सत्ता बदलने का रिवाज रहा है, ऐसे में कांग्रेस के लिए 2027 की राह आसान नहीं होगी। ये नई कार्यकारिणी अब जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन को सक्रिय करने का काम करेगी।