#राजनीति
March 21, 2026
हिमाचल बजट: सुक्खू सरकार ने बढ़ा दी इनकी पेंशन, कॉलेज छात्रों को देंगे 5 हजार रुपए जानें सब कुछ
शिक्षा के लिए 9,660 करोड़ रुपये बजट निर्धारित
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट भाषण के दौरान शिक्षा, रोजगार, खेल, परिवहन और शहरी विकास से जुड़े कई बड़े ऐलान किए, जिनका सीधा असर युवाओं और आम जनता पर पड़ने वाला है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में युवाओं को अवसर देने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान रहेगा।
दरअसल, शिक्षा क्षेत्र में बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने अगले वर्ष 150 और स्कूलों को CBSE से संबद्ध करने की घोषणा की है। इसके साथ ही कॉलेजों में 389 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की जाएगी और अंग्रेजी, गणित व विज्ञान जैसे विषयों के लिए विशेष शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया वीर जवान: छुट्टी लेकर घर आया था फौजी, सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
शिक्षा के लिए करीब 9,660 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। वहीं छोटे कॉलेजों के छात्रों को अन्य संस्थानों में प्रवेश लेने पर प्रति माह 5000 रुपये की सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है।
रोजगार के मोर्चे पर सरकार 500 कैंपस इंटरव्यू आयोजित करेगी और एक हजार युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध करवाने की योजना है। इसके अलावा स्कूलों में चौकीदार और मल्टी टास्क वर्करों के पद भी भरे जाएंगे। उच्च शिक्षा में सुधार के लिए यूजी कोर्स में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने की घोषणा की गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए 54 हजार करोड़ का बजट पेश , CM ने सभी गारंटियां को पूरा करने का किया दावा
सामाजिक सुरक्षा के तहत 100 प्रतिशत दिव्यांगजनों की पेंशन को 1700 से बढ़ाकर 3000 रुपये किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री सशक्तिकरण योजना के तहत युवाओं को कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में किसानों की बल्ले-बल्ले : गाय-भैंस का दूध 10 रुपये महंगा, गेहूं-मक्के को लेकर भी खुशखबरी
परिवहन और पर्यावरण के क्षेत्र में सरकार 1000 टाइप-2 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने जा रही है, साथ ही 297 नई ई-बसें भी लाई जाएंगी। प्रदेशभर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए “खेलो हिमाचल चैंपियनशिप” अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस पहल में करीब 50 हजार युवा हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल बजट: एक लाख परिवारों को 300 यूनिट फ्री बिजली, सैकड़ों पदों पर भर्ती का ऐलान
शहरी विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार ने तीन आधुनिक टाउनशिप बसाने की योजना बनाई है, जिनमें बद्दी में “हिम चंडीगढ़”, सिरमौर में “हिम पंचकूला” और धौलाधार क्षेत्र में नई टाउनशिप शामिल है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन नई रोपवे परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी, जिनमें बाबा बालक नाथ, चिंतपूर्णी और कुल्लू-ढालपुर मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा शिमला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की भी घोषणा की गई है।
नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें